हल्द्वानी में खड़गे का BJP सरकार पर हमला: बोले- ‘ये झूठे लोगों की सरकार, मुख्यमंत्री गड्ढे तक नहीं भर पा रहे’; कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा

हल्द्वानी में खड़गे का BJP सरकार पर हमला: बोले- ‘ये झूठे लोगों की सरकार, मुख्यमंत्री गड्ढे तक नहीं भर पा रहे’; कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी पहुंचे। रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। खड़गे ने बेरोजगारी, खाली सरकारी पदों, सड़क और बुनियादी सुविधाओं समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

खड़गे ने कहा कि हल्द्वानी से ही कांग्रेस के लिए विजय का शंखनाद होगा और आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोग देश के लिए लड़ने वाले और बहादुर हैं।

‘ये झूठे लोगों की सरकार, मुख्यमंत्री गड्ढे नहीं भर पा रहे’

खड़गे ने अपने भाषण में उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार जनता से किए वादे पूरे नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य का मुख्यमंत्री गड्ढे तक नहीं भर पा रहा है।

उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में करीब 30 लाख सरकारी पद खाली हैं। खड़गे ने सवाल किया कि जब बड़ी संख्या में पद खाली हैं तो उन्हें भरा क्यों नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे में विकसित भारत की बात कैसे की जा सकती है।

खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के रोजगार संबंधी वादों का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के मामले में सरकार अपने वादे पूरे नहीं कर सकी।

‘BJP-RSS ने आजादी की लड़ाई में कुछ नहीं किया’

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और RSS पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ ने देश की आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया और कांग्रेस नेताओं को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने का उन्हें अधिकार नहीं है।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के साथ गरीबों, महिलाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए लड़ रही है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा कर संविधान की रक्षा का संदेश दिया।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस सरकार और जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

राहुल गांधी का भी किया जिक्र

खड़गे ने अपने भाषण में राहुल गांधी को लेकर भी कहा कि भाजपा नेताओं में अगर कोई किसान, मजदूर और गरीबों से मिलने के लिए निकला है तो वह राहुल गांधी हैं।

उन्होंने राहुल गांधी की यात्राओं और बेरोजगारी, किसानों तथा संविधान से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस के अभियान का हिस्सा बताया।

‘मनमोहन सिंह ने 62 हजार करोड़ का किसान कर्ज माफ किया’

कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किसानों का 62 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया था।

खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए खाद्य सुरक्षा कानून और मनरेगा जैसे कानून लागू किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो वादे करेगी, उन्हें पूरा करेगी।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी BJP को घेरा

खड़गे ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा जिन नेताओं को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजती है, बाद में उन्हीं नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेती है।

उन्होंने भाजपा पर ‘वॉशिंग मशीन’ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के बाद भाजपा में शामिल होने पर उनके खिलाफ मामले कमजोर पड़ जाते हैं।

खड़गे ने कहा कि वह करीब 58 साल से राजनीति में हैं और ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राजनीतिक दबाव से डरने वाले नहीं हैं।

‘नौकरी के लिए पैसा देना पड़ता है’ का आरोप

खड़गे ने उत्तराखंड में रोजगार और भर्ती व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में नौकरी के लिए पैसे देने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगार युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।

मंच से लगे SSP के खिलाफ नारे

खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से नैनीताल के SSP मंजूनाथ टीसी के खिलाफ नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनसभा में आने वाली बसों को रोकने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी नेताओं ने SSP कार्यालय के बाहर धरना भी दिया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को अलग-अलग जगहों पर रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनसभा में आने वाले लोगों के वाहनों को रोका जा रहा है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी।

रुद्रपुर में पूर्व विधायक और पुलिस अधिकारियों में बहस

खड़गे की जनसभा में शामिल होने के लिए आ रही बसों की पंतनगर मोड़ पर जांच के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और पुलिस अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी।

पूर्व विधायक ने पुलिस अधिकारियों पर कांग्रेस की सभा में जाने वाली बसों को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई।

जनसभा को लेकर बदली गई यातायात व्यवस्था

खड़गे की सभा को देखते हुए हल्द्वानी में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। पुलिस ने अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए थे।

रामपुर रोड से आने वाले वाहनों को एचएन इंटर कॉलेज में खड़ा करने की व्यवस्था की गई। बरेली रोड से आने वाले वाहनों के लिए लक्ष्मी शिशु मंदिर, मंगलपड़ाव में पार्किंग निर्धारित की गई।

खटीमा और सितारगंज की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए गोलापार स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के फिटनेस केंद्र के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई।

पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए ठंडी सड़क और खालसा इंटर कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया था। वहीं कालाढूंगी और रामनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जेल रोड तिराहे से पर्वतीय उत्थान मंच और लगन गार्डन की ओर भेजने की व्यवस्था की गई।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने और पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की।

चुनावी तैयारी के लिहाज से अहम दौरा

खड़गे का हल्द्वानी दौरा उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस के आगामी चुनावी अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा में उन्होंने स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों और संविधान से जुड़े मुद्दे उठाए।

अपने संबोधन के दौरान खड़गे ने कांग्रेस को राज्य में सत्ता में वापस लाने का आह्वान किया और हल्द्वानी से पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत का संदेश दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जनता से किए जाने वाले वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।