नई दिल्ली। संसद भवन परिसर में शनिवार को एक अलग ही राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली। नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर श्रद्धांजलि देने के दौरान आमने-सामने आए और कुछ क्षणों तक बातचीत करते नजर आए।
यह मुलाकात उस समय हुई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद परिसर स्थित प्रेरणा स्थल पर महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। उस दौरान वहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व राज्यसभा उपसभापति हरिवंश सहित कई नेता मौजूद थे।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी सभी नेताओं से मिलते हुए राहुल गांधी के पास रुके और दोनों के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। हालांकि बातचीत का विषय सार्वजनिक नहीं हो सका, लेकिन दोनों की यह सहज मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा ज्योतिबा फुले को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि फुले का जीवन समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के आदर्शों के लिए समर्पित रहा। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि फुले ने शिक्षा और जनकल्याण के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल 1827 को महाराष्ट्र में हुआ था और उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनकी जयंती पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
ऐसे समय में जब देश में राजनीतिक माहौल गर्म है, प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी की यह मुलाकात सियासी गलियारों में खास चर्चा का विषय बन गई है।