कलेक्ट्रेट में सरपंच ने पिया जहर: बुरहानपुर में हड़कंप, विधायक समेत तीन पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

कलेक्ट्रेट में सरपंच ने पिया जहर: बुरहानपुर में हड़कंप, विधायक समेत तीन पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिकायत लेकर पहुंचे एक सरपंच ने कथित रूप से कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। सरपंच के परिजनों ने नेपा विधायक समेत तीन लोगों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

बुरहानपुर कलेक्ट्रेट में गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। सीतापुर गांव के सरपंच अमर सिंह मंडलोई अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चली आ रही कथित परेशानियों और प्रशासनिक सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में ही इल्ली मारने वाली दवा (कीटनाशक) पी ली।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सरपंच की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।

विधायक समेत तीन लोगों पर आरोप

परिजनों के अनुसार, बेहोश होने से पहले अमर सिंह मंडलोई ने कुछ लोगों के नाम बताए थे। उनके पुत्र ने अधिकारियों को बताया कि सरपंच ने पंचायत के पूर्व सचिव तुकाराम और नेपा विधायक मंजू दादू समेत तीन लोगों पर कथित प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरपंच के होश में आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

फिलहाल कलेक्ट्रेट में हुई इस घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।