दतिया उपचुनाव रिजल्ट 2026: कांग्रेस का कमबैक, घनश्याम सिंह ने भाजपा को 6029 वोटों से हराया; आखिरी राउंड तक चला रोमांचक मुकाबला
दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 का परिणाम घोषित हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार को 6029 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है। मतगणना के दौरान शुरुआती रुझानों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन बाद के राउंड में कांग्रेस ने अपनी बढ़त मजबूत कर ली। अंतिम दो राउंड में भाजपा ने अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रही।
दतिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुई मतगणना में कुल 14 राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को विजेता घोषित किया गया। जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।
शुरुआती रुझानों में दिखी कड़ी टक्कर
दतिया उपचुनाव की मतगणना शुरू होने के बाद शुरुआती राउंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कई राउंड तक दोनों दलों के बीच वोटों का अंतर काफी कम रहा।
हालांकि, जैसे-जैसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के वोटों की गिनती आगे बढ़ी, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। 11वें राउंड तक कांग्रेस ने करीब 12 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त हासिल कर ली थी।
आखिरी दो राउंड में भाजपा ने घटाया अंतर
मतगणना के 13वें और 14वें राउंड में भाजपा ने वापसी की कोशिश की और कांग्रेस की बढ़त को कम किया। अंतिम चरण में मुकाबला एक बार फिर रोमांचक हो गया था।
भाजपा ने आखिरी राउंड में वोटों का अंतर घटाया, लेकिन शुरुआती राउंड में बनाई गई कांग्रेस की बढ़त निर्णायक साबित हुई। अंतिम परिणाम में घनश्याम सिंह ने 6029 वोटों से जीत दर्ज कर ली।
नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा को मिली हार
दतिया उपचुनाव भाजपा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा था क्योंकि इस सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई थी।
मतगणना के दौरान सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, नरोत्तम मिश्रा के बूथ नंबर 121 पर भी कांग्रेस प्रत्याशी को बढ़त मिली। यहां कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले 27 वोट ज्यादा मिले।
कांग्रेस ने बताया जनता के भरोसे की जीत
दतिया में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता के समर्थन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास और जनता के विश्वास की जीत है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दतिया की जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है।
2023 के चुनाव के बाद खाली हुई थी सीट
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने यहां उपचुनाव कराया।
2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था। इस बार कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा था।
दतिया के राजनीतिक समीकरणों पर असर
दतिया उपचुनाव का परिणाम मध्य प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा के प्रभाव वाली मानी जाने वाली इस सीट पर कांग्रेस की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
वहीं, भाजपा के लिए यह परिणाम संगठन और रणनीति पर मंथन का विषय माना जा रहा है। घनश्याम सिंह की जीत के साथ कांग्रेस ने दतिया में अपनी मजबूत राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई है।
news desk MPcg