ऋषभ अब शायद ही विकेटकीपिंग कर पायें : फारूख इंजीनियर
ऋषभ अब शायद ही विकेटकीपिंग कर पायें : फारूख इंजीनियर
मुम्बई । Farooq Engineer: भारत के दिग्गज विकेटकीपर रहे फारुख इंजीनियर ने कहा है। कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अब शायद ही विकेटकीपर की भूमिका निभा पायेंगे। ऋषभ कार हादसे के बाद से ही अब तक खेल से दूर हैं। उनके अगले माह आईपीएल 2024 सत्र से खेल में वापसी की उम्मीदें हैं। वहीं पूर्व विकेटकीपर फारुख का मानना है, कि ऋषभ वापसी पर शायद ही विकेटकीपिंग कर पायें। उनके अनुसार कार हादसे में इस क्रिकेटर को कई गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण अब उनके लिए दोबारा विकेटकीपिंग करना संभव नहीं रहेगा। साथ ही कहा कि इस चोट के कारण वह अपने सिक्स सेंस खो चुके हैं। जबकि विकेटकीपिंग में इसका होना बहुत जरूरी है। गौरतलब है कि 85 वर्षीय इंजीनियर को हाल ही में बॉम्बे जिमखाना ने सम्मानित किया था। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऋषभ अब भी टीम इंडिया के लिए बल्ले से मैच विजेता साबित होगा पर वह शायद ही विकेटकीपिंग कर पाये। इस पूर्व विकेटकीपर ने कहा कि जब मैंने ऋषभ के साथ हुए हादसे की खबर सुनी थी तो मैं बहुत निराश था। उम्मीद करता हूं अब वह बेहतर हो गया है। मुझे नहीं लगता कि अब वह बतौर विकेटकीपर खेल पाएंगे। क्योंकि जब आप पैनापन खो देते हैं, और सिक्स सेंस कमजोर हो जाता है। तो विकेटकीपिंग करना संभव नहीं होता। साथ ही कहा कि उनकी बल्लेबाजी शानदार हैं। उनमें बल्लेबाज के तौर पर खेल का रुख बदलने की क्षमता अब भी है। बतौर बल्लेबाज उनका आत्मविश्वास देखते ही बनता है। बिल्कुल मेरी तरह उन्होंने कहा था कि स्पिनरों को खेल में हावी नहीं होने देना चाहिए।
Newsdesk