ICC Test Rankings: आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचे बुमराह
ICC Test Rankings: आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचे बुमराह
दुबई।ICC Test Rankings: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गये हैं। बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन का लाभ मिला है। बुमराह ने इस मैच में पहली पारी में छह जबकि दूसरी पारी में तीन विकेट लिए थे। इससे बुमराह आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गये हैं। बुमराह ने इसी के साथ ही पैट कमिंस और कागिसो रबाडा जैसे गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया। वह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी है। इससे बिशन सिंह बेदी, अश्विन और रविंद्र जडेजा रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे पर ये सभी स्पिनर थे। बुमराह ने शीर्ष पर पहुंचने के साथ ही आर अश्विन को पीछे कर दिया। अश्विन पिछले 11 महीने से नंबर एक पर बने हुए थे। अब टेस्ट मैच में 499 विकेट लेने वाले अश्विन तीसरे स्थान पर फिसल गए हैं। वहीं बुमराह के नाम 881 रेटिंग अंक है, और वह सबसे ज्यादा रेटिंग अंक हासिल करने के मामले में अश्विन 904 और जडेजा 899 के बाद चौथे स्थान पर है। गौरतलब है कि अश्विन और जडेजा मार्च 2017 में संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए थे।
दूसरी ओर बल्लेबाजों की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दोहरे शतक का लाभ सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल को मिला है, और वह 37 स्थान की छलांग लगाकर 29वें स्थान पर पहुंच गए जबकि शतक लगाने वाले शुभमन गिल 14 पायदान की लंबी छलांग लगाकर 38वें स्थान पर आ गये हैं। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली को भी दूसरे टेस्ट की दोनो ही पारियों में अर्धशतक लगाने का लाभ मिला है और वह आठ स्थान के लाभ के साथ ही 22वें स्थान पर पहुंच गये हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के युवा लेग स्पिनर रेहान अहमद 14 पायदान के लाभ के साथ ही 70वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि अपने शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में 50 रन और पांच विकेट लेने वाले इंग्लैंड के टॉम हार्टले की भी रैंकिंग बेहतर हुई है। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 103 से 95वें स्थान जबकि गेंदबाजी में 63वें से 53वें स्थान पर आ गये।
Newsdesk