ट्रम्प-पुतिन-जिनपिंग की ऐतिहासिक बैठक, ईरान पर चर्चा
ट्रम्प-पुतिन-जिनपिंग की पहली संयुक्त बैठक, ईरान पर होगी चर्चा
अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों की एक साथ बैठक को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा है। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले सप्ताह चीन के शेनझेन में होने वाले APEC सम्मेलन के दौरान त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। यह तीनों देशों के शीर्ष नेताओं की पहली ऐसी संयुक्त बैठक होगी।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और उनकी संख्या कम करना होगा। ट्रम्प चाहते हैं कि अमेरिका और रूस के साथ चीन भी परमाणु हथियारों पर किसी नए समझौते का हिस्सा बने। अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियार सीमित करने वाली न्यू स्टार्ट संधि फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है। ऐसे में नए समझौते को लेकर बातचीत शुरू करने की कोशिश की जाएगी।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने साफ किया है कि इस बैठक में किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है। इसे भविष्य में परमाणु हथियारों पर बातचीत शुरू करने की पहली पहल माना जा रहा है। चीन अब तक इस तरह की त्रिपक्षीय परमाणु वार्ता में शामिल होने को लेकर ज्यादा उत्साह नहीं दिखाता रहा है।
ईरान युद्ध पर भी होगी चर्चा
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रम्प बैठक में ईरान से जुड़े मुद्दे भी उठा सकते हैं। हालांकि, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को इस त्रिपक्षीय बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया है। ट्रम्प की चीन यात्रा के दौरान जिनपिंग के साथ उनकी अलग द्विपक्षीय बैठक और कार्यकारी भोज भी प्रस्तावित है।
मस्क भी जाएंगे चीन
टेस्ला और स्पेसएक्स के CEO इलॉन मस्क भी ट्रम्प के साथ चीन जाएंगे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, चीन में उनके कारोबारी हित हैं और वे यात्रा के दौरान ट्रम्प को सलाह देने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, मस्क तीनों राष्ट्राध्यक्षों की संयुक्त बैठक में शामिल नहीं होंगे।
रेयर अर्थ मिनरल्स पर भी उठेगा मुद्दा
ट्रम्प और जिनपिंग की अलग बैठक में रेयर अर्थ मिनरल्स की सप्लाई का मुद्दा भी उठ सकता है। इन खनिजों का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल, कंप्यूटर, लड़ाकू विमान और आधुनिक हथियार बनाने में होता है। इनकी वैश्विक सप्लाई में चीन की बड़ी हिस्सेदारी है। अमेरिका चाहता है कि चीन इन खनिजों की सप्लाई बढ़ाए।
1945 के याल्टा सम्मेलन से तुलना
इस प्रस्तावित बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है। उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रैंकलिन रूजवेल्ट, सोवियत संघ के नेता जोसेफ स्टालिन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल मिले थे। उस बैठक में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप की व्यवस्था पर चर्चा हुई थी। हालांकि, याल्टा सम्मेलन में चीन शामिल नहीं था और वह मौजूदा तीन देशों की बैठक से अलग था।
news desk MPcg