50 अमेरिकी पर्यटकों के साथ जयपुर पहुंची पैलेस ऑन व्हील्स

50 अमेरिकी पर्यटकों के साथ जयपुर पहुंची पैलेस ऑन व्हील्स

शाही ठाठ के साथ जयपुर पहुंची पैलेस ऑन व्हील्स, 70 पर्यटकों में 50 अमेरिकी

जयपुर। राजस्थान की शाही विरासत और पर्यटन की पहचान बन चुकी लग्जरी ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स गुरुवार को करीब 70 पर्यटकों को लेकर जयपुर पहुंची। गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही पर्यटकों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। इस दौरान लोक कलाकारों ने कच्ची घोड़ी नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विदेशी पर्यटकों ने भी कलाकारों के साथ जमकर डांस किया और राजस्थानी संस्कृति का आनंद लिया।

70 पर्यटकों में 50 अमेरिका से

इस बार पैलेस ऑन व्हील्स से कुल 70 पर्यटक राजस्थान की सैर पर पहुंचे हैं। इनमें सबसे ज्यादा 50 पर्यटक अमेरिका से हैं, जबकि 5 भारतीय यात्री भी शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिटेन से 3, न्यूजीलैंड से 4, इटली और बेल्जियम से 2-2 तथा फ्रांस और अजरबैजान से 2-2 पर्यटक यात्रा का हिस्सा हैं। अलग-अलग देशों से आए इन पर्यटकों को राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और पारंपरिक मेहमाननवाजी का अनुभव कराया जा रहा है।

सात रात और आठ दिन का सफर

पैलेस ऑन व्हील्स की यात्रा दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होती है। सात रात और आठ दिन के इस विशेष टूर पैकेज में पर्यटकों को राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ आगरा की सैर भी कराई जाती है। ट्रेन का निर्धारित रूट दिल्ली से जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर और भरतपुर होते हुए आगरा तक जाता है। इसके बाद ट्रेन वापस दिल्ली पहुंचती है।

जयपुर में इन पर्यटन स्थलों का करेंगे भ्रमण

जयपुर में पर्यटकों के लिए हवा महल, आमेर किला, सिटी पैलेस, जंतर-मंतर और अल्बर्ट हॉल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण निर्धारित है। इसके अलावा सवाई माधोपुर में रणथंभौर नेशनल पार्क की सफारी, चित्तौड़गढ़ में ऐतिहासिक दुर्ग और उदयपुर में पिछोला झील की नौकायन यात्रा इस पैकेज का हिस्सा हैं। जैसलमेर में सम के रेतीले धोरों पर ऊंट सफारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है। जोधपुर में मेहरानगढ़ दुर्ग और उम्मेद भवन पैलेस म्यूजियम, भरतपुर में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान और आगरा में ताजमहल देखने का मौका मिलता है।

14 सैलून में महल जैसी सुविधाएं

इस लग्जरी ट्रेन में कुल 14 सैलून हैं। प्रत्येक सैलून में चार ट्विन-बेड वाले केबिन बनाए गए हैं। इनकी सजावट राजस्थान की पूर्व रियासतों की वास्तुकला और शाही जीवनशैली से प्रेरित है। केबिन में आरामदायक बेड, सोफा, अलमारी, एयर कंडीशनिंग, निजी बाथरूम और गर्म-ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा वाई-फाई, इलेक्ट्रॉनिक सेफ और व्यक्तिगत बटलर जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं।

ट्रेन में महाराजा और महारानी नाम के दो विशेष रेस्तरां हैं, जहां भारतीय, राजस्थानी, कॉन्टिनेंटल और चाइनीज व्यंजन परोसे जाते हैं। इसके साथ ही बार, लाउंज और स्पा की सुविधा भी उपलब्ध है।

एक रात का किराया 83 हजार रुपए से ज्यादा

पैलेस ऑन व्हील्स का किराया भी इसकी शाही सुविधाओं के अनुरूप है। 2026-27 के पीक सीजन यानी अक्टूबर से मार्च के लिए जारी दरों के अनुसार डीलक्स केबिन में दो लोगों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति प्रति रात 83,936 रुपए खर्च करने होते हैं। इस हिसाब से सात रात की पूरी यात्रा का किराया करीब 5.88 लाख रुपए प्रति व्यक्ति होता है।

वहीं, अकेले यात्रा करने पर डीलक्स केबिन का किराया 1,29,086 रुपए प्रति रात है। सुपर डीलक्स केबिन के लिए 2.15 लाख रुपए, सुइट के लिए 2.36 लाख रुपए और प्रेसिडेंशियल सुइट के लिए 3.01 लाख रुपए प्रति केबिन प्रति रात निर्धारित हैं। इन दरों पर जीएसटी अलग से देना होता है। क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान यात्रा के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क भी लागू होता है।

1982 में शुरू हुई थी पैलेस ऑन व्हील्स

पैलेस ऑन व्हील्स की शुरुआत 26 जनवरी 1982 को हुई थी। इस ट्रेन को राजस्थान की पूर्व रियासतों के शाही रेल सैलून और राजसी जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। समय के साथ यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान के लग्जरी पर्यटन की पहचान बन गई। आज भी देश-विदेश के पर्यटकों के बीच यह शाही रेल यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।