कुलैथ में पशुपालक सम्मेलन, CM करेंगे रोड शो
ग्वालियर के ग्राम कुलैथ में शुक्रवार को किसान कल्याण वर्ष के तहत पशुपालक सम्मेलन और पशु मेले का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। सम्मेलन में उन्नत नस्ल के गौवंश और भैंसवंशी पशुओं की प्रदर्शनी के साथ कृषि-पशुपालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। आयोजन में बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मुख्यमंत्री रोड शो के जरिए पहुंचेंगे कार्यक्रम स्थल
मुख्यमंत्री हेलीपैड से सीधे सभा स्थल जाने के बजाय रोड शो के माध्यम से ग्रामीणों और किसानों के बीच पहुंचेंगे। इस दौरान वे रास्ते में मौजूद किसानों और पशुपालकों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद वे कृषि और पशुपालन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। पशु मेले में बेहतर नस्ल के गौवंश और भैंसवंशी पशुओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
पारंपरिक प्रतियोगिताओं और लोकगीतों की होगी प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री दूर-दराज से आए किसानों और पशुपालकों का पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे। आयोजन में बुंदेली और ग्वालियरी अंचल के पारंपरिक कन्हैया लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही मैदान में बैलगाड़ी दौड़ और घुड़दौड़ आयोजित होंगी, जिनके जरिए ग्रामीण परंपरा और पशुपालन संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा।
हितग्राहियों को सौगात, किसानों के साथ करेंगे भोजन
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ और सौगातें वितरित करेंगे। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण किसानों के साथ सहभोज रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करेंगे। इस आयोजन के जरिए किसानों और पशुपालकों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाएं की हैं। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी आईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने कुलैथ पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हेलीपैड, रोड शो के रास्ते, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल और दौड़ के ट्रैक का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। आयोजन में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों की भागीदारी को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर जरूरी इंतजाम किए हैं।
किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित यह सम्मेलन पशुपालन, उन्नत नस्ल के पशुओं और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
news desk MPcg