गोमती नदी में मिला युवक का शव, ससुराल पर लगाए थे आरोप

गोमती नदी में मिला युवक का शव, ससुराल पर लगाए थे आरोप

लखनऊ में गोमती नदी में मिला 27 वर्षीय युवक का शव, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

लखनऊ में बुधवार को गोमती नदी से 27 वर्षीय मोहम्मद जीशान का शव बरामद हुआ। वह सोमवार रात से लापता था। युवक की बाइक समतामूलक चौराहे से 1090 चौराहे की ओर जाने वाले पुल पर लावारिस हालत में मिली थी। पुलिस ने SDRF की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया था।

परिवार को भेजा था वीडियो

परिजनों के मुताबिक, जीशान ने सोमवार रात करीब एक बजे अपने बहनोई सैफू को एक वीडियो भेजा था। इसमें उसने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल के अन्य सदस्यों को जिम्मेदार बताया था।

पुल पर लावारिस मिली थी बाइक

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर की देर रात करीब तीन बजे गश्त के दौरान गोमती नदी के पुल पर एक बाइक खड़ी मिली। बाइक के ऊपर मोबाइल फोन भी रखा था। जांच में बाइक की पहचान सआदतगंज के कटरा खुदायार खां निवासी मोहम्मद जीशान के रूप में हुई।

मोबाइल नंबर बंद मिलने पर परिजनों को दी सूचना

पुलिस ने ई-चालान ऐप की मदद से बाइक मालिक की जानकारी निकाली। बाइक में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद सआदतगंज थाने के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई।

रिवर फ्रंट के पास मिला शव

पुलिस ने SDRF की मदद से गोमती नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया। बुधवार सुबह करीब 11 बजे गोमतीनगर क्षेत्र में रिवर फ्रंट के पास जीशान का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में युवक के लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।