लखनऊ ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर चला बुलडोजर
लखनऊ ट्रिपल मर्डर के आरोपी के घर फिर चला बुलडोजर, LDA की कार्रवाई जारी
तीन लोगों की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई थी हत्या, लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर गुरुवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और मकान को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। इससे पहले प्राधिकरण ने आरोपी के घर की बाउंड्रीवॉल का हिस्सा गिराया था, लेकिन पीड़ित परिवार ने कार्रवाई को अधूरा बताते हुए पूरे मकान को गिराने की मांग की थी।
चबूतरे और पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
यह मामला 26 अक्टूबर का है। सआदतगंज के ब्राह्मण टोला में कार पार्किंग और चबूतरा बनवाने को लेकर ऋषभ शुक्ला का पड़ोसी शिवाजी तिवारी के परिवार से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र तिवारी को गोली मार दी थी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पीड़ित परिवार ने की थी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। डीजीपी राजीव कृष्ण और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भी परिवार से मुलाकात कर कार्रवाई का भरोसा दिया था। परिवार का आरोप था कि आरोपी का मकान नजूल की जमीन पर बना है। इसी के बाद LDA ने दोबारा कार्रवाई शुरू की।
बेटे की शादी की तैयारियों के बीच उजड़ गया परिवार
मृतक शिवाजी तिवारी सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उनके बेटे सुयश का बिजली के सामान का कारोबार था और उसकी शादी 5 दिसंबर को तय थी। हत्याकांड के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई देखने के लिए आसपास के लोग भी अपने घरों की छतों पर जमा रहे।
news desk MPcg