जबलपुर में जनजातीय गौरव दिवस का आगाज

जबलपुर में जनजातीय गौरव दिवस का आगाज

जबलपुर में जनजातीय गौरव दिवस का शुभारंभ, CM ने बिरसा मुंडा को किया नमन

मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की शुरुआत शनिवार, 14 नवंबर को जबलपुर से हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचे। उन्होंने आधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए।

रानी दुर्गावती और जनजातीय नायकों को भी किया जाएगा याद

गैरीसन ग्राउंड में आयोजित समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के साथ रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और टंट्या भील जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनजातीय महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनजातीय धर्मगुरुओं का सम्मान किया जा रहा है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के चिन्हित हितग्राहियों को भी मंच से हितलाभ वितरित किए जाने का कार्यक्रम है।

धार और खंडवा में भी होंगे राज्य स्तरीय आयोजन

जनजातीय गौरव दिवस के तहत प्रदेश में तीन दिनों तक अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार जिले के डही और 16 नवंबर को खंडवा में आयोजन निर्धारित हैं। धार के डही में होने वाले कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस दौरान डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।

प्रदेश के 88 जनजातीय विकासखंडों में भी कार्यक्रम

राज्य स्तरीय समारोह के साथ प्रदेश के 88 जनजातीय विकासखंडों में भी जनजातीय गौरव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों और छात्रावासों में निबंध, भाषण, चित्रकला, रंगोली, नाटक, संगीत और पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। जिला मुख्यालयों पर सांस्कृतिक रैलियों के जरिए जनजातीय समाज की वेशभूषा, लोककला, परंपराओं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया और आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए आंदोलन चलाया। उनके नेतृत्व में हुए उलगुलान आंदोलन ने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था को चुनौती दी। उनका निधन 9 जून 1900 को रांची जेल में हुआ था।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान और आदिवासी समाज की संस्कृति व विरासत को सम्मान देना है।