बिलासपुर में महिला से 2 तोले की चेन लूटी, विरोध पर पीटा
बिलासपुर में महिला से सोने की चेन लूटी, विरोध पर पीटा
रास्ता पूछने के बहाने स्कूटी सवार बदमाश ने की वारदात, CCTV में दिखा संदिग्ध; पुलिस तलाश में जुटी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली लूट की घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के संपदा कैंपस में टहल रही SECL की महिला कर्मचारी को स्कूटी सवार बदमाश ने निशाना बनाया। आरोपी ने पहले रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोका और फिर अचानक उनके गले से करीब दो तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। महिला ने जब चेन बचाने के लिए विरोध किया तो बदमाश ने उनके साथ मारपीट भी की। इस दौरान महिला के गले और शरीर पर चोटें आई हैं।
खाना खाने के बाद टहलने निकली थीं महिला
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता सुमन सिंह संपदा कैंपस में रहती हैं और SECL में कर्मचारी हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह रोज की तरह कैंपस में टहलने निकली थीं। आमतौर पर वह आसपास रहने वाली महिलाओं और पड़ोसियों के साथ टहलती थीं, लेकिन घटना वाली रात वह अकेली थीं।
इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा। उसने महिला से पूछा कि बसंत कहां रहता है। युवक के अचानक रास्ता पूछने पर महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही उसने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।
चेन बचाने की कोशिश में हुई मारपीट
अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं, लेकिन उन्होंने बदमाश से चेन बचाने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। झूमाझटकी के दौरान महिला के गले और शरीर पर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सोने की चेन करीब दो तोले की बताई जा रही है।
CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से पूरी घटना की जानकारी ली।
आरोपी की पहचान और तलाश के लिए संपदा कैंपस सहित आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। फुटेज में स्कूटी सवार संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इस घटना के बाद कैंपस में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस से जल्द आरोपी को पकड़ने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है।
news desk MPcg