समाधि स्थल पर अमेरिकी रक्षा मंत्री को सैनिक ने टोका
अमेरिकी रक्षा मंत्री को सैनिक ने लगाई फटकार, समाधि स्थल पर हंसने से नाराज हुआ जवान
शहीदों की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे पीट हेगसेथ, साथ आई महिला के हंसने पर सैनिक ने सभी को शांति और सम्मान बनाए रखने की हिदायत दी। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को बुधवार को अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में एक सैनिक की नाराजगी का सामना करना पड़ा। हेगसेथ अपनी पत्नी और सलाहकारों के साथ अज्ञात सैनिक की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ आई एक महिला हंसने लगी। यह देखकर समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक ने सभी को शांत रहने और शहीदों के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए कहा। घटना का वीडियो वहां मौजूद पत्रकारों के कैमरों में रिकॉर्ड हो गया।
पेंटागन ने सैनिक के व्यवहार को सही बताया
घटना के बाद अमेरिकी रक्षा विभाग यानी पेंटागन ने सैनिक का समर्थन किया। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा कि सैनिक ने अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाई। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री और पूरा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता है। ऐसे गंभीर अवसर पर मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाना उचित था।
पूर्व सांसद ने भी की आलोचना
अमेरिका के पूर्व रिपब्लिकन सांसद एडम किंजिंगर ने इस घटना पर पीट हेगसेथ के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अज्ञात सैनिक की समाधि जैसे सम्मानित स्थल पर इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने हेगसेथ के रवैये पर सवाल उठाए।
समाधि स्थल पर 24 घंटे तैनात रहते हैं सैनिक
अर्लिंग्टन नेशनल कब्रिस्तान में स्थित अज्ञात सैनिक की समाधि की सुरक्षा अमेरिकी सेना की थर्ड यूएस इन्फैंट्री रेजिमेंट के जवान करते हैं। इसे 'द ओल्ड गार्ड' के नाम से भी जाना जाता है। यहां सैनिक 24 घंटे पहरा देते हैं। इस स्थान पर शांति और अनुशासन बनाए रखने के सख्त नियम हैं। किसी को भी तेज आवाज में बोलने या शोर करने की अनुमति नहीं है।
2024 में भी सामने आया था विवाद
इस समाधि स्थल को लेकर 2024 में भी विवाद हुआ था। उस समय डोनाल्ड ट्रम्प की चुनाव प्रचार टीम पर कब्रिस्तान के प्रतिबंधित हिस्से में तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप लगा था। यह मामला अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान आत्मघाती हमले में मारे गए 13 अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के दौरान सामने आया था।
ईरान मुद्दे पर भी विवादों में हैं हेगसेथ
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ इन दिनों ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर भी आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया था, लेकिन अमेरिकी संसद में मंगलवार को यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका। मैसी ने आरोप लगाया था कि हेगसेथ ने संसद की मंजूरी के बिना ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया। हालांकि, हेगसेथ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे नीतिगत मतभेद बताया था।
news desk MPcg