हिंगौना खुर्द में अंबेडकर समारोह के दौरान गोलीबारी, एक की मौत, एक घायल
हिंगौना खुर्द में अंबेडकर समारोह के दौरान साउंड सिस्टम विवाद में गोलीबारी हुई, जिसमें संजय जाटव की मौत और रानू जाटव घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव का पोस्टमॉर्टम रोका और आरोपियों के घर तोड़ने की मांग की। पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर तीन को हिरासत में लिया।
फिरोजाबाद: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हिंगौना खुर्द गांव में सोमवार देर रात डॉ. भीमराव अंबेडकर चल समारोह के दौरान साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में 24 वर्षीय संजय जाटव की सिर में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रानू जाटव के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने संजय के शव को मौके से हटाने से रोक दिया। देर रात पुलिस ने मृतक के भाई सुमित की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पर सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और आरोपियों के घरों को तोड़ने की मांग करने लगे। प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए बिना जांच के कार्रवाई से इनकार किया। ग्रामीणों ने शव का पोस्टमॉर्टम भी रोक दिया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने गिर्राज गुर्जर, धर्मवीर, महेंद्र, भोलू, छिंगा, श्यामू, तहसीला, दीवान, बाबी और गब्बर के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने रात में ही छापेमारी कर महेंद्र गुर्जर, गब्बर गुर्जर और तहसीला गुर्जर को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ग्रामीणों की मांगें
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता, एक सरकारी नौकरी और शस्त्र लाइसेंस की मांग की है। मौके पर बसपा प्रदेशाध्यक्ष रमाकांत पिप्पल, कांग्रेस के पूर्व विधायक सत्यपाल सिकरवार, बसपा नेता कुलदीप सिकरवार और विद्याराम कौशल सहित कई नेता मौजूद रहे।
news desk MPcg