प्रधानमंत्री मोदी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुलाकात, गाडरवारा पावर प्रोजेक्ट के भूमि-पूजन का दिया न्योता
1.
भोपाल/नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरुवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा स्थित एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन के क्षमता विस्तार परियोजना के भूमि-पूजन के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया। यह परियोजना 1600 मेगावॉट (स्टेज-II, 2×800 मेगावॉट) की होगी, जिसकी कुल लागत करीब 20,446 करोड़ रुपये है और इसे वर्ष 2029-30 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह अत्याधुनिक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होगी, जिससे पानी की खपत में एक-तिहाई तक कमी आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” के लक्ष्य के तहत प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, कृषि उद्योगों में निवेश और तीन वर्षों में 30 लाख सोलर पंप लगाने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में आयोजित ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’ की उपलब्धियों, दुग्ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि और सांची-एनडीडीबी सहकारिता मॉडल की प्रगति से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश ने ‘नक्सल मुक्त राज्य’ का लक्ष्य भी हासिल कर लिया है और प्रभावित क्षेत्रों में विकास के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
news desk MPcg