बालाघाट में बुजुर्ग दंपती से डकैती का खुलासा, पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के घर हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र की गोंदिया और आमगांव पुलिस का भी सहयोग रहा।
25 जुलाई को लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्पा में बुजुर्ग दंपती को घायल कर घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने घर में घुसकर दंपती के साथ मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल, आधार कार्ड और बैंक पासबुक सहित अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे।
घटना की शिकायत पीड़ित शत्रुघ्न लिल्हारे ने लांजी थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
मोबाइल टावर लगाने के बहाने की थी घर की रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने डकैती की साजिश पहले से तैयार कर रखी थी। मुख्य आरोपी धीरज फुंडे, हेमंत फुंडे और राजेश भोयर ने बुजुर्ग दंपती के घर को निशाना बनाया था।
आरोपियों ने जून महीने में मोबाइल टावर लगाने के नाम पर घर की जानकारी जुटाई थी। उन्होंने जगह का सर्वे करने और दस्तावेज लेने के बहाने कई बार घर जाकर रैकी की थी। इसके बाद 25 जुलाई को मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पश्चिम बंगाल और झारखंड से बुलाए गए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, धीरज फुंडे ने अपने परिचित पश्चिम बंगाल के दीपक दास को वारदात के लिए बुलाया था। दीपक दास अपने साथ झारखंड के शिवकुमार दास, रिंकू पासवान और विनोद पासवान को लेकर आमगांव पहुंचा था।
इसके बाद सभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर डकैती की और लूटे गए जेवरात व नगदी का आपस में बंटवारा कर लिया।
कई सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस पहुंची आरोपियों तक
एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर कुल्पा से आमगांव मार्ग तक लगे कई सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान शुरू की।
जांच के दौरान आमगांव निवासी नितेश शेंडे से पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली। नितेश ने बताया कि धीरज फुंडे और हेमंत फुंडे अपने साथियों के साथ लूट की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश भोयर, दीपक दास और शिवकुमार दास को गिरफ्तार कर लिया। वहीं धीरज फुंडे और हेमंत फुंडे को महाराष्ट्र की आमगांव पुलिस ने अन्य मामलों में गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी, लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद कर ली है।
दो आरोपी अभी भी फरार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रिंकू पासवान और विनोद पासवान अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
बालाघाट पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग दंपती के साथ हुई इस गंभीर वारदात को सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।
news desk MPcg