यूपी में बारिश का कहर, हाईवे पर बहा पानी; 75 जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गंगा का बढ़ा जलस्तर, गांवों में घुसा पानी
बारिश के कारण बिजनौर और फर्रुखाबाद में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 45 से ज्यादा गांवों में पानी पहुंच गया है, जबकि करीब 40 सरकारी स्कूलों में भी बाढ़ का पानी घुसने की स्थिति बनी है।
बिजनौर में गंगा के तेज बहाव का असर हाईवे पर भी देखने को मिला। यहां बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे की अप्रोच रोड का हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। सड़क पर करीब 12 फीट गहरा गड्ढा हो गया, जिसके बाद यातायात प्रभावित हुआ।
हाईवे बंद, कई जगहों पर हालात गंभीर
फर्रुखाबाद में भी बाढ़ के हालात को देखते हुए चित्रकूट डिप के पास बैरिकेडिंग लगाकर हाईवे को बंद करना पड़ा। प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
वहीं सोनभद्र में लगातार बारिश के कारण डैम ओवरफ्लो होने की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
शामली में कार बही, स्कूल बस फंसी
भारी बारिश के बाद शामली में हालात बिगड़ गए। पानी के तेज बहाव में एक कार बह गई। वहीं एक स्कूल बस अंडरपास में पानी भरने के कारण फंस गई। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए बस को बाहर निकाला गया।
मथुरा में भी बारिश के बाद अंडरपास में चार फीट तक पानी भर गया, जिससे कई वाहन पानी में फंस गए।
बारिश और बिजली गिरने से 3 की मौत
मिर्जापुर में बारिश और बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई है। सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भरने से दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। वहीं बिजली गिरने से NET परीक्षा की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय युवक की जान चली गई।
अगले 4-5 दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी सिस्टम इस समय उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से दिल्ली, लखनऊ और पटना क्षेत्र में मानसूनी हवाएं मजबूत हुई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में भारी बारिश को लेकर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
news desk MPcg