जिम के ट्रेडमिल पर आया था ‘तौबा तौबा’ का आइडिया, 20 मिनट में तैयार हुआ गाना; 2 साल बाद भी बना चार्टबस्टर

जिम के ट्रेडमिल पर आया था ‘तौबा तौबा’ का आइडिया, 20 मिनट में तैयार हुआ गाना; 2 साल बाद भी बना चार्टबस्टर

करण औजला की एक छोटी सी क्रिएटिव सोच ने बनाया सुपरहिट ट्रैक, विक्की कौशल के हुक स्टेप ने गाने को बनाया ग्लोबल सेंसेशन

मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड फिल्म ‘बैड न्यूज’ का सुपरहिट गाना ‘तौबा तौबा’ आज भी लोगों के बीच जबरदस्त लोकप्रिय है। इस गाने की धुन, बोल और विक्की कौशल के एनर्जेटिक डांस ने इसे एक अलग पहचान दिलाई। लेकिन इस ब्लॉकबस्टर गाने के बनने की कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है, जितना इसका सफर।

गाने के सिंगर और कंपोजर करण औजला ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘तौबा तौबा’ का आइडिया उन्हें किसी महंगे रिकॉर्डिंग स्टूडियो या म्यूजिक सेशन में नहीं, बल्कि जिम में ट्रेडमिल पर दौड़ते समय आया था।

करण ने बताया कि वह जिम में अपना वर्कआउट कर रहे थे। ट्रेडमिल पर रनिंग के दौरान वह हेडफोन में एक कैची बीट सुन रहे थे। उसी वक्त उनके दिमाग में अचानक गाने की धुन और लाइन आई। उन्हें लगा कि अगर उन्होंने तुरंत इसे रिकॉर्ड नहीं किया तो शायद यह आइडिया उनके दिमाग से निकल जाएगा।

बीच में छोड़ा वर्कआउट, फोन में रिकॉर्ड की धुन

करण औजला ने बताया कि उन्होंने बिना समय गंवाए अपना वर्कआउट रोक दिया और ट्रेडमिल से उतरकर अपने आईफोन के वॉइस मेमो ऐप में उस बीट और धुन को रिकॉर्ड कर लिया।

इसके बाद उन्होंने इसी आइडिया पर काम करते हुए महज 20 मिनट में गाने का शुरुआती वर्जन तैयार कर दिया। एक साधारण से पल में आया यह आइडिया आगे चलकर म्यूजिक इंडस्ट्री के सबसे चर्चित गानों में शामिल हो गया।

विक्की कौशल के डांस ने बनाया गाने को वायरल

फिल्म ‘बैड न्यूज’ में अभिनेता विक्की कौशल पर फिल्माए गए इस गाने ने रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। विक्की के खास हुक स्टेप और शानदार एनर्जी ने गाने को अलग पहचान दिलाई।

गाने का डांस स्टेप इतना लोकप्रिय हुआ कि देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोगों ने इस पर रील्स बनाईं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह गाना लंबे समय तक ट्रेंड करता रहा।

2024 में रिलीज के बाद आज भी बरकरार है लोकप्रियता

फिल्म ‘बैड न्यूज’ साल 2024 में रिलीज हुई थी और उसी दौरान ‘तौबा तौबा’ ने जबरदस्त सफलता हासिल की। करण औजला की आवाज, शानदार म्यूजिक और विक्की कौशल के डांस के मेल ने इस गाने को चार्टबस्टर बना दिया।

आज भी यह गाना पार्टियों, सोशल मीडिया रील्स और म्यूजिक प्लेलिस्ट में लगातार सुना जा रहा है।

एक पल का आइडिया बना करोड़ों लोगों की पसंद

‘तौबा तौबा’ की कहानी इस बात का उदाहरण है कि कई बार बड़ी सफलता के पीछे एक अचानक आया छोटा सा विचार होता है। जिम में ट्रेडमिल पर शुरू हुआ यह सफर आज एक ग्लोबल हिट गाने के रूप में पहचाना जाता है।