शाहजहांपुर में ससुर ने बहू की कुल्हाड़ी से हत्या की, फिर खुद फंदे पर लटककर दी जान

शाहजहांपुर के हटीपुर कुरिया गांव में ससुर राजपाल ने शराब के नशे में अपनी बहू सावित्री की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शाहजहांपुर में ससुर ने बहू की कुल्हाड़ी से हत्या की, फिर खुद फंदे पर लटककर दी जान

शाहजहांपुर: जिले के कांट थाना क्षेत्र के गांव हटीपुर कुरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ससुर ने अपनी 30 वर्षीय बहू की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और इसके बाद खुद पेड़ पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब के नशे में की हत्या

मृतका का नाम सावित्री (30 वर्षीय)बताया जा रहा है, जो मध्यप्रदेश के सतना की रहने वाली थी। सावित्री का सात साल पहले गांव के ही सर्वेश के साथ दूसरा विवाह हुआ था। उनके साथ सावित्री की पहली शादी से सात साल की बेटी रागिनी भी रहती थी। सर्वेश ट्रक ड्राइवर है और घटना के समय वह घर पर नहीं था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात मृतका का ससुर राजपाल शराब के नशे में घर आया और सावित्री के साथ विवाद करने लगा। बताया जाता है कि राजपाल ने सावित्री को गांव में एक दावत में जाने से मना किया था, लेकिन सावित्री के जाने से वह नाराज हो गया।

आधी रात को हुआ खौफनाक वारदात

रात में ग्रामीणों ने राजपाल को समझाकर शांत किया, लेकिन आधी रात को उसने सावित्री पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सावित्री के सिर, गर्दन, और हाथों पर छह से सात बार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब रागिनी जागी तो उसने अपनी मां को बिस्तर पर नहीं देखा। बाहर निकलने पर उसे मकान में ही सावित्री का खून से सना शव मिला। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए।

ससुर का शव पेड़ पर लटका मिला

घटना की सूचना मिलते ही कांट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी राजेश द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार और सीओ सदर प्रयाक जैन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी राजपाल की तलाश शुरू की, लेकिन सुबह करीब 11 बजे उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस का मानना है कि राजपाल ने हत्या के बाद आत्महत्या कर ली।

पुलिस जांच में जुटी

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतका की सास की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। ग्रामीणों में इस घटना से दहशत का माहौल है।