श्रीनगर में इंडिगो फ्लाइट 6ई2142 तूफान और ओलावृष्टि से बाल-बाल बची, सुरक्षित लैंडिंग
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई2142, जिसमें 227 यात्री सवार थे, श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि में फंस गई। विमान की नोज को नुकसान पहुंचा, लेकिन पायलट्स ने कुशलता से इसे सुरक्षित उतारा। विमान को जांच और मरम्मत के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से श्रीनगर के लिए रवाना हुए इंडिगो एयरलाइंस के विमान का श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान भीषण हादसे का शिकार होते-होते बचा। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई2142 करीब 227 पैसेंजर्स के साथ आईजीआई एयरपोर्ट से बुधवार शाम करीब 5:13 बजे रवाना हुई थी। इस फ्लाइट को शाम 6:30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंड करना था। शुरूआत के करीब एक घंटे तक सबकुछ ठीक रहा, लेकिन जैसे ही फ्लाइट ने श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए डिसेंड करना शुरू किया, एक के बाद एक आफत का सामना करना पड़ा। आफत भी ऐसी कि विमान में सवार यात्रियों को ऐसा लगा कि अब जाने क्या होगा।
इस दौरान, विमान में शायद ही कोई ऐसा हो, जिसने अपनी जिंदगी को बचाने के लिए ईश्वर से प्रार्थना ना की हो। बच्चे रो रहे थे, बड़ों की सांसें अटकी थीं और हर तरफ अफरा-तफरी मची थी। दरअसल विमान जैसे ही जमीन की तरफ बढ़ा, सबसे पहले उसका सामना तूफानी हवाओं से हुआ। एयर टर्बुलेंस में फंसे इस प्लेन के यात्री बुरी तरह से घबरा गए थे।
एयर टर्बुलेंस से जूझते हुए विमान थोड़ा आगे बढ़ा ही था, तभी ओलों की बरसात होने लगी। करीब 800–900 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उड़ रहे प्लेन से जब बर्फ के गोले टकरा रहे थे, तब यात्रियों को लग रहा था जैसे वे एयरक्राफ्ट की दीवार चीरकर अंदर आ जाएंगे। करीब बीस मिनट तक दहशत का माहौल था। हालांकि, इस बीच कॉकपिट के अंदर मौजूद पायलट केबिन के हालात तो समझ रहे थे, लेकिन उन्हें भरोसा था कि वह इस मुसीबत से सफलता पूर्वक पार पा लेंगे।
इस बीच पायलट्स ने देखा कि बर्फ के कुछ गोले प्लेन की नोज पर लगे और इन गोलों की चोंट से प्लेन के नोज का एक हिस्सा तिनका-तिनका होकर हवा में बिखर गया। तेज बारिश और लगातार ओलो की बरसात की वजह से प्लेन के इस नुकसान का सही अंदाजा लगाना मुश्किल था। पायलट्स ने तुरंत श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी। करीब 20 मिनट की जद्दोजहद के बाद इस विमान को पायलट्स ने अपनी काबिलियत और हिम्मत की बदौलत सुरक्षित श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतारा।
श्रीनगर में लैंडिंग के बाद विमान को एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड घोषित कर दिया गया। वहीं, इंडिगो का कहना है कि हमारी फ्लाइट 6ई2142 को अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। केबिन क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान को सुरक्षित उतारा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट पर सहायता दी गई। विमान की जांच और मरम्मत के बाद ही इसे उड़ान की इजाजत दी जाएगी।
news desk MPcg