7 हत्याओं का आरोपी लल्लन सिंह यूपी एनकाउंटर में ढेर, बिहार-यूपी पुलिस के लिए बना था सिरदर्द
बिहार के समस्तीपुर का कुख्यात अपराधी लल्लन सिंह उर्फ ललन आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में हुए इस एनकाउंटर में लल्लन सिंह का अंत हो गया। उस पर बिहार और उत्तर प्रदेश में कई संगीन अपराध दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस की वांटेड सूची में शामिल था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लल्लन सिंह पर दो दरोगाओं, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत कुल 7 लोगों की हत्या का आरोप था। इसके अलावा वह डकैती, बैंक लूट और अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों में भी शामिल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए दोनों राज्यों की पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लल्लन के सहारनपुर इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लल्लन सिंह का नाम बिहार के चर्चित अपराधियों में गिना जाता था। उसके दो भाई भी पहले पुलिस मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं। तीनों भाइयों पर हत्या, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लल्लन सिंह की मौत से बिहार और उत्तर प्रदेश में सक्रिय अपराध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि लंबे समय से उसका नाम भय और अपराध का पर्याय बन चुका था।
लल्लन सिंह के एनकाउंटर के बाद उसके पुराने मामलों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं और उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
news desk MPcg