नवगछिया में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गुरुदेव मंडल ढेर, छह अपराधी फरार

बिहार के नवगछिया में रंगरा थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात फूफा गिरोह के बीच मुठभेड़ में सरगना गुरुदेव मंडल मारा गया। ताबड़तोड़ गोलीबारी के बाद छह अन्य अपराधी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए और फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।

नवगछिया में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गुरुदेव मंडल ढेर, छह अपराधी फरार

भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी और फूफा गिरोह का सरगना गुरुदेव मंडल मारा गया, जबकि उसके छह साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिहार एसटीएफ और नवगछिया पुलिस को गुरुदेव मंडल और उसके गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की। तभी अपराधियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गुरुदेव मंडल को सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने कई खोखे भी बरामद किए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीपीओ ओमप्रकाश, सर्किल इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है।

लंबे समय से फरार था कुख्यात गुरुदेव

मृत अपराधी की पहचान पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिनकोल निवासी दशरथ मंडल के पुत्र गुरुदेव मंडल के रूप में हुई है। वह फूफा गिरोह का सरगना था और नवगछिया, पूर्णिया तथा कटिहार जिलों में कई आपराधिक वारदातों में सक्रिय था। उस पर 2017 में धमदाहा थाना में लूट का मामला दर्ज था, जबकि कटिहार के फलका थाना में भी लूटपाट से जुड़े दो केस दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 2022 में मक्का लदे एक ट्रक की लूट और चालक की हत्या के मामले में भी गुरुदेव मंडल का नाम सामने आया था। उस समय भी पुलिस मुठभेड़ में वह घायल हुआ था, लेकिन फरार हो गया था। तभी से उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी

मुठभेड़ के बाद फरार हुए गिरोह के अन्य छह सदस्यों की तलाश में पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के बचे हुए सदस्यों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।