अयोध्या | राम मंदिर की सुरक्षा को मिली अत्याधुनिक मजबूती |

1 / 1

1.

राम मंदिर और श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ठीक बाहर पुलिस विभाग की 12 हजार वर्ग फीट भूमि पर अत्याधुनिक प्रशासनिक भवन एवं कंट्रोल रूम का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। यह आधुनिक भवन 1128.75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जिसका निर्माण गृह विभाग के अंतर्गत सीएंडडीएस (CNDS) द्वारा दिसंबर 2023 में शुरू कराया गया था।

जी प्लस वन मंजिला इस भवन के बेसमेंट में हाईटेक मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से राम मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं का एकीकृत संचालन संभव होगा, जिससे किसी भी स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।

भवन में सीमेंट कंक्रीट सड़क, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, आधुनिक जल निकासी, एयर-कंडीशनिंग सिस्टम, सबमर्सिबल पंप, हाई-स्पीड लिफ्ट, पूर्ण विद्युतीकरण, मजबूत बाउंड्रीवाल, एमएस गेट और 160 केवीए डीजल जनरेटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ये सुविधाएं इसे पर्यावरण-अनुकूल और आपात स्थितियों में आत्मनिर्भर बनाती हैं।

कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार के अनुसार 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और भवन जल्द ही लोकार्पण के लिए तैयार है। इसके शुरू होते ही राम मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत हो जाएगी।