आंगनवाड़ी न्याय पदयात्रा : बैतूल से भोपाल तक 230 किमी की हुंकार | Betul News | Bhopal

1 / 1

1.

बैतूल से राजधानी भोपाल तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता और सहायिकाओं के अधिकारों की मांग को लेकर आज से “आंगनवाड़ी न्याय पदयात्रा” की शुरुआत हो रही है। यह पदयात्रा 1 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे बैतूल से प्रारंभ होकर लगभग 230 किलोमीटर का सफर तय करते हुए मुख्यमंत्री निवास भोपाल तक पहुंचेगी।

पदयात्रा का नेतृत्व रामकुमार नागवंशी कर रहे हैं, जिनका कहना है कि यह आंदोलन आंगनवाड़ी बहनों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए है। यात्रा का मार्ग आंबेडकर प्रतिमा नेहरू पार्क बैतूल से शुरू होकर कारगिल चौक, गेंदा चौक, इटारसी रोड, सोनाघाटी, भारत भारती, झामटी, आटवामिल होते हुए पाढर और आगे भोपाल तक तय किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिलाना, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहीं इन बहनों को अब न्याय की उम्मीद इस यात्रा से है।

रामकुमार नागवंशी ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस पदयात्रा को सफल बनाएं, ताकि सरकार तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंच सके। यह पदयात्रा न सिर्फ एक आंदोलन है, बल्कि हजारों महिलाओं के सम्मान और अधिकार की लड़ाई भी है।