भोपाल में MSME उद्यमियों को मिली नई उड़ान, सेंट्रल बैंक ने बांटे 63.78 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र!
1.
भोपाल में आयोजित एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में 75 हितग्राहियों को मिला लाभ, स्वरोजगार और उद्योग विस्तार को मिलेगी नई रफ्तार
भोपाल।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को प्रोत्साहन देने की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को भोपाल में एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्योगपति एवं उद्यमी शामिल हुए। इस दौरान 75 हितग्राहियों को विभिन्न एमएसएमई योजनाओं के तहत 63.78 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंक के महाप्रबंधक वीरेंद्र मेहता ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया उद्यमियों को सरल एवं प्रतिस्पर्धी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें बैंक की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय प्रमुख अमित सिंह ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उद्यमियों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करना है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक उद्यमियों को बैंक से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में आईएएस अधिकारी सोनिया मीणा ने कहा कि राज्य सरकार की उद्यमिता, स्वरोजगार और औद्योगिक विकास संबंधी योजनाओं का लाभ लेकर नए उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं और महिला उद्यमियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार सृजन में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बैंक की विभिन्न एमएसएमई ऋण योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और विशेष उत्पादों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। शाखा प्रबंधक मुग्धा नयनी ने बताया कि बैंक ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर वित्तीय समाधान उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य प्रबंधक दीपक गौतम ने सभी अतिथियों, उद्यमियों और बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अनीता धुर्वे ने किया।
news desk MPcg