इंस्टाग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का ऑफर देख बुकिंग, एयरपोर्ट पहुंची तो फर्जी निकला टिकट; इंदौर में युवती से 36 हजार की साइबर ठगी
इंस्टाग्राम के विज्ञापन से शुरू हुआ संपर्क, ठगों ने इंडिगो से कोलैबोरेशन का दावा कर अलग-अलग किस्तों में रुपए लिए; एयरपोर्ट पर टिकट इनवैलिड मिलने के बाद खुला फर्जीवाड़ा
इंदौर के एरोड्रम इलाके में रहने वाली एक युवती को इंस्टाग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखकर बुकिंग करना भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने कम कीमत में थाईलैंड के फुकेट की यात्रा कराने और इंडिगो के साथ कंपनी का कोलैबोरेशन होने का दावा कर युवती से करीब 43 हजार रुपए ले लिए। 6 जुलाई को जब युवती इंदौर एयरपोर्ट पहुंची तो उसका टिकट इनवैलिड बताया गया। इसके बाद आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद मिले।
एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाली पूर्वा सिंह एक निजी कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘द टूरिंग साइट्स’ नाम से थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 अप्रैल को उनके वॉट्सएप नंबर पर मैसेज आया। इसमें थाईलैंड ट्रिप की जानकारी और उसकी कीमत बताई गई। ज्यादा राशि होने के कारण पूर्वा ने शुरुआत में ट्रिप लेने से मना कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कम कीमत में ट्रिप देने का ऑफर दिया। पूर्वा ने कंपनी से यात्रा से जुड़ी जानकारी मांगी। आरोपियों की बातों पर भरोसा करने के बाद उन्होंने थाईलैंड के फुकेट जाने के लिए करीब 36 हजार रुपए में बुकिंग कराने की सहमति दी।
इंडिगो से कोलैबोरेशन का दावा कर भरोसा दिलाया
कम कीमत में थाईलैंड ट्रिप मिलने पर पूर्वा को संदेह हुआ। इस पर आरोपियों ने बताया कि उनकी कंपनी का इंडिगो फ्लाइट के साथ कोलैबोरेशन है। इसके बाद भुगतान के लिए लव गुप्ता नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट दिया गया।
पूर्वा ने 18 मई को उस खाते में 10,800 रुपए ट्रांसफर किए। भुगतान के बाद उन्हें दिल्ली से फुकेट जाने वाली 6 जुलाई की फ्लाइट का इनवॉइस भेजा गया। बाकी रकम 7 जून को देने की बात कही गई। आरोपियों ने इंदौर से दिल्ली की फ्लाइट का भी ऑफर दिया और उसका किराया 11,200 रुपए बताया। पूर्वा ने इसके लिए भी भुगतान कर दिया।
पुराने नंबर के बंद होने की बात कहकर दूसरे नंबर से संपर्क
22 जून को पूर्वा ने वॉट्सएप पर दिए गए नंबर पर कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। मैसेज भेजने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 26 जून को एक दूसरे नंबर से उन्हें मैसेज आया। आरोपियों ने बताया कि पुराना नंबर किसी वजह से बंद हो गया है।
इसके बाद आरोपियों ने बाकी रकम भी लव गुप्ता के खाते में जमा करने को कहा। उनकी बात पर भरोसा कर पूर्वा ने करीब 22,500 रुपए और ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने 3 जुलाई को ट्रिप से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही।
ट्रिप की जानकारी लेने पर संपर्क नहीं हुआ
3 जुलाई को पूर्वा ने ट्रिप की जानकारी लेने के लिए आरोपियों को मैसेज और कॉल किया, लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो पाया। उन्होंने कंपनी की ई-मेल आईडी पर भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह ई-मेल आईडी भी गलत निकली।
इसके बाद 6 जुलाई को पूर्वा अपने टिकट के साथ इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां जांच के दौरान टिकट इनवैलिड बताया गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
मामले में पूर्वा ने साइबर सेल में शिकायत की। जांच के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
news desk MPcg