भोपाल में फर्जी फिजियोथेरेपिस्ट ने बुजुर्ग को ठगा: घुटने का दर्द ठीक करने का झांसा देकर ब्लेड से लगाया चीरा, 4 लाख रुपये ऐंठे

भोपाल में फर्जी फिजियोथेरेपिस्ट ने बुजुर्ग को ठगा: घुटने का दर्द ठीक करने का झांसा देकर ब्लेड से लगाया चीरा, 4 लाख रुपये ऐंठे

बिना ऑपरेशन इलाज का दावा कर मांगे थे 10 लाख, परिजनों की सतर्कता से बचे 6 लाख रुपये

भोपाल। राजधानी भोपाल में इलाज के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक जालसाज ने खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताकर 64 वर्षीय बुजुर्ग को घुटने का दर्द ठीक करने का झांसा दिया और उनसे 4 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने बिना ऑपरेशन इलाज करने का दावा करते हुए बुजुर्ग के घुटने में ब्लेड से चीरा तक लगा दिया और शरीर से ‘जहरीला तत्व’ निकालने की बात कहकर उन्हें डराया।

मामला एमपी नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, सनसिटी निवासी 64 वर्षीय दीपरत्न सक्सेना घुटने के दर्द से परेशान थे। इसी दौरान एक युवक ने उनसे संपर्क किया और खुद को मददगार बताते हुए कहा कि उसके पिता भी इसी तरह की समस्या से परेशान थे, लेकिन एक विशेषज्ञ डॉक्टर के इलाज से ठीक हो गए।

सब्जी मंडी में बुजुर्ग से हुई थी मुलाकात

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बुजुर्ग से बिट्टन मार्केट स्थित सब्जी मंडी में संपर्क किया था। युवक ने उन्हें कथित फिजियोथेरेपिस्ट आशीष आचार्य का मोबाइल नंबर दिया। भरोसा होने के बाद बुजुर्ग ने उससे संपर्क किया।

कुछ दिन बाद आरोपी उनके घर पहुंचा और दावा किया कि वह बिना किसी बड़े ऑपरेशन के घुटने का दर्द हमेशा के लिए ठीक कर सकता है।

ब्लेड से चीरा लगाकर किया फर्जी इलाज

आरोपी ने इलाज के नाम पर बुजुर्ग के घुटने में ब्लेड से छोटा चीरा लगाया। इसके बाद एक उपकरण की मदद से थोड़ा तरल पदार्थ निकालकर उसे शरीर का जहरीला तत्व बताया।

जालसाज ने बुजुर्ग को विश्वास दिलाया कि इस प्रक्रिया को कई बार करने से उनकी बीमारी पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

10 लाख रुपये मांगे, 4 लाख लेकर फरार

आरोपी ने इस कथित इलाज के बदले 10 लाख रुपये की मांग की। बुजुर्ग और उनकी पत्नी उसके झांसे में आ गए और उन्होंने 4 लाख रुपये नकद दे दिए, जबकि 6 लाख रुपये का चेक भी सौंप दिया।

बाद में परिजनों को आरोपी की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क कर चेक का भुगतान रुकवा दिया, जिससे परिवार के 6 लाख रुपये बच गए।

अहमदाबाद से जुड़े गिरोह की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस ठगी के पीछे अंतरराज्यीय गिरोह हो सकता है। इसके तार गुजरात के अहमदाबाद से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने इससे पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

लोगों के लिए सावधानी:
इलाज कराने से पहले डॉक्टर की डिग्री और रजिस्ट्रेशन जरूर जांचें।
घर पर आने वाले अनजान लोगों से इलाज कराने से बचें।
किसी भी बीमारी को बिना जांच के ठीक करने के बड़े दावों पर भरोसा न करें।