भोपाल में आवासीय भवनों के कमर्शियल इस्तेमाल पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
भोपाल के आवासीय इलाकों में चल रही कमर्शियल गतिविधियों के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। रहवासी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में शामिल होंगे और नगर निगम की कार्रवाई से जुड़े फोटो और वीडियो कोर्ट के सामने पेश करेंगे।
अरेरा कॉलोनी समेत कई आवासीय क्षेत्रों में लंबे समय से घरों और आवासीय प्लॉट पर दुकान, क्लीनिक, ऑफिस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें की जा रही थीं। इस मामले में रहवासियों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम ने पिछले दिनों कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुछ दुकानों को सील किया था। हालांकि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बैठक के बाद फिलहाल व्यापारियों को राहत दी गई है। मामले की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, व्यापारियों का कहना है कि भोपाल में लंबे समय से नया मास्टर प्लान लागू नहीं हुआ है, जिसके कारण कई लोगों को मजबूरी में आवासीय क्षेत्रों में व्यवसाय करना पड़ रहा है। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी मिक्स लैंड यूज व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
अब सभी की नजर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर है, जिससे यह तय होगा कि भोपाल के आवासीय इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर आगे क्या दिशा तय होगी।
news desk MPcg