नरेंद्र मोदी कैबिनेट में मध्यप्रदेश से छह मंत्री

नरेंद्र मोदी कैबिनेट में मध्यप्रदेश से छह मंत्री

लोकसभा चुनाव 2024 के मतगणना के बाद  केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्तारूढ़ होने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन  सरकार के शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों में मध्यप्रदेश से छह सांसदों को स्थान मिला है। कल रात को हुए सपथ ग्रहण के समारोह में कैबिनेट मंत्री के रूप में  शिवराज सिंह चौहान, डॉ वीरेंद्र कुमार और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शपथ ग्रहण ली।  विदिशा से शिवराज सिंह चौहान,टीकमगढ़ से डॉ वीरेंद्र कुमार और गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संसदीय सीट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। लगभग 16 साल तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान केंद्र में पहली बार मंत्री बने हैं। वहीं  सिंधिया और डॉ वीरेंद्र कुमार पूर्ववर्ती राजग सरकार में भी मंत्री पद का दायित्व संभाल रहे थे।

इसके अलावा राज्य मंत्री के रूप में  एल मुरुगन, दुर्गादास उइके और सावित्री ठाकुर शामिल किए गए हैं। मुरुगन मूल रूप से तमिलनाडु निवासी हैं, लेकिन वे वर्तमान में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं, इसलिए उन्हें इस राज्य के कोटे से जोड़ा जा रहा है। वे पूर्ववर्ती सरकार में भी राज्य मंत्री पद का दायित्व निभा रहे थे।इसके साथ ही उइके और ठाकुर पहली बार केंद्र सरकार में मंत्री बनाए गए हैं।  दोनों सांसद जनजातीय वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं और क्रमश: बैतूल तथा धार संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मध्य अंचल का प्रतिनिधित्व करते हैं।  चौहान राज्य में 16 वर्ष से अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं, इसलिए उन्हें संपूर्ण राज्य की भौगोलिक, सामाजिक और प्रत्येक कोण से विस्तृत जानकारी है।  सिंधिया उत्तरी अंचल से आते हैं।  सावित्री ठाकुर जहां मालवांचल से आती हैं, तो उइके बैतूल और राज्य के पूर्वी हिस्से का भी प्रतिनिधित्व करते हुए दिखायी दे रहे हैं।