भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे और भ्रष्टाचार का काला खेल अब अपने अंत की ओर बढ़ रहा है। सांसद आलोक शर्मा ने इस मुद्दे पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा, "चच्चा, मम्मा, पहलवान जैसे बड़े-बड़े नामों ने वक्फ की जमीनों पर कब्जा किया, फर्जी हिब्बेनामे बनाए, कहीं की जमीन, कहीं की रजिस्ट्री और कहीं और निर्माण करवाया। लेकिन अब उनका खेल खत्म होने वाला है। जो भी अतिक्रमणकारी हैं, वे सलाखों के पीछे जाएंगे।"
वक्फ संशोधन बिल: गरीबों और बहनों को न्याय का वादा
आलोक शर्मा ने ऐलान किया कि वक्फ संशोधन बिल लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत से पारित हो चुका है और जल्द ही राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन जाएगा। उन्होंने इसे मुस्लिम समाज के गरीबों और महिलाओं के लिए न्याय का एक बड़ा कदम बताया। शर्मा ने कहा, "नरेंद्र मोदी सरकार ने तीन तलाक कानून के बाद अब वक्फ कानून के जरिए एक और ऐतिहासिक फैसला लिया है। यह कानून वक्फ संपत्तियों को लूटने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रास्ता खोलेगा।"
कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप
सांसद ने कांग्रेस के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने वक्फ कमेटी के जरिए जमीनों पर कब्जा किया और उन्हें किराए पर चलाकर मुनाफा कमाया। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही ऐसे नेताओं के नाम सबके सामने आएंगे। शर्मा ने भोपाल की सिकंदरी सराय, लक्ष्मी टॉकीज और आरिफ नगर जैसी जगहों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया, "वहां वक्फ की जमीनों पर किसका कब्जा है? कौन अवैध वसूली कर रहा है?"
ताजुल मस्जिद के पास तालाब पर नर्सिंग होम!
खुद को "भोपाल का बेटा" बताने वाले शर्मा ने कहा कि वे मुस्लिम समाज के युवाओं, माताओं और बहनों की शिकायतों को सुनते हैं। उन्होंने ताजुल मस्जिद के पास सिद्दीक हसन तालाब का उदाहरण देते हुए खुलासा किया कि वहां रातों-रात नर्सिंग होम तक बना दिया गया। शर्मा ने चेतावनी दी, "खसरा बस स्टैंड का बताकर रात में निर्माण और फर्जी रजिस्ट्री का खेल अब नहीं चलेगा। भ्रष्टाचार करने वालों का नया ठिकाना भोपाल की सेंट्रल जेल होगा।"
मोदी सरकार की तारीफ, मुस्लिम समाज से अपील
सांसद ने नरेंद्र मोदी सरकार और मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव की सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे इस कानून का समर्थन करें, ताकि वक्फ संपत्तियों का इस्तेमाल स्कूल, कॉलेज और अस्पताल जैसे जनकल्याण के कार्यों में हो सके। शर्मा ने कहा, "यह कानून भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेगा और समाज के हक को वापस दिलाएगा।"
भोपाल का बेटा उजागर करेगा काले कारनामे
आलोक शर्मा ने वादा किया कि वे भोपाल के बेटे के तौर पर इस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएंगे। वक्फ संपत्तियों पर अतिक्रमण और लूट के इस खेल को खत्म करने के लिए उनकी यह मुहिम अब रंग लाने वाली है। भोपाल की जनता अब इस सवाल का जवाब इंतजार कर रही है कि आखिर कौन-कौन से बड़े नाम इस घोटाले में शामिल हैं और जेल की सैर करेंगे!