बैंकॉक के बार में भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 63 घायल; जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे लोग, बिजली खराबी की आशंका

बैंकॉक के बार में भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 63 घायल; जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे लोग, बिजली खराबी की आशंका

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक बार में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। उत्तरी बैंकॉक के चातुचक इलाके में स्थित ना लाडप्राओ (Na Ladprao) पब में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 12 बजे दमकल विभाग को मिली थी। फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर लगभग 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया, लेकिन तब तक आग ने बार के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था।

बिजली सिस्टम में खराबी से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली व्यवस्था में खराबी बताया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

घटना के समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से कुछ देर पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। इसके बाद अचानक तेज धमाका हुआ और कुछ ही समय में पूरे पब में धुआं भर गया।

जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे लोग

हादसे के दौरान कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बार के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में शरण ली। अधिकारियों के अनुसार, कई लोग धुएं के कारण बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोग खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए। कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

गवर्नर ने जताई चिंता, सजावटी सामग्री से तेजी से फैली आग

बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आशंका जताई कि पब की छत और अंदरूनी हिस्सों में लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैली हो सकती है।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन निकास के पास कुछ लोग बेहोशी की हालत में मिले थे। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि आग के दौरान बाहर निकलने के रास्ते में किसी तरह की बाधा रही होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल सभी लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और उनके परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बचाए कई लोगों की जान

घटना के दौरान मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल चालक सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उन्होंने जलते हुए पब से करीब पांच लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने कपड़ों की मदद से लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाने की कोशिश की।

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बार से उठती तेज लपटें और बाहर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं।

बार के अंदर का सामान पूरी तरह जलकर खाक

आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में बार के अंदर फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जली हुई नजर आईं। कई जगहों पर छत के हिस्से गिर गए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है ताकि आग के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही का पता लगाया जा सके।

थाईलैंड में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

थाईलैंड में नाइट क्लब और बार में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।

वर्ष 2022 में बैंकॉक के दक्षिणी इलाके के एक पब में आग लगने से 22 लोगों की मौत हुई थी।
1 जनवरी 2009 को बैंकॉक के सैंटिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान लगी आग में 66 लोगों की मौत हुई थी और 200 से अधिक लोग घायल हुए थे।
वर्ष 2024 में बैंकॉक के चातुचक ओपन-एयर मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में बड़ी संख्या में जानवरों की मौत हुई थी।

बैंकॉक बार अग्निकांड ने एक बार फिर सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों में सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकास और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने में जुटा है।