कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में नए घर में किया गृह प्रवेश: बोले- अब यहीं होगा हमारा हेड ऑफिस

कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में नए घर में किया गृह प्रवेश: बोले- अब यहीं होगा हमारा हेड ऑफिस

कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में नए घर में किया गृह प्रवेश: बोले- अब यहीं होगा हमारा हेड ऑफिस,

हरियाणा के हर गांव में चाहने वाले

हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर में बुधवार को भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया। राजस्थानी हवेली की शैली में बने इस भव्य भवन में सुबह हवन और पूजा-पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस मौके पर पूरा बिश्नोई परिवार एक साथ मौजूद रहा। परिवार अब दिल्ली के साथ-साथ आदमपुर में भी समय बिताएगा। कुलदीप बिश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि आदमपुर उनके परिवार की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि अब आदमपुर ही उनका हेड ऑफिस होगा।

बोले- 56 साल से सुन रहा हूं कि बिश्नोई परिवार आदमपुर से चला गया

गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हर गांव में उनके चाहने वाले हैं और आदमपुर में कई बड़े काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, '56 साल से सुनता आ रहा हूं कि बिश्नोई परिवार आदमपुर से चला गया, लेकिन हम भागने वालों में से नहीं, बल्कि भगाने वालों में से हैं। अब फिर से आदमपुर ही हमारा हेड ऑफिस होगा।' उनके इस बयान को आदमपुर में परिवार की सक्रियता बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

25 हजार लोगों के लिए खाने की व्यवस्था, पूरा परिवार रहा मौजूद

इस कार्यक्रम में बिश्नोई परिवार के कई सदस्य शामिल हुए। कुलदीप बिश्नोई के बड़े भाई चंद्रमोहन भी परिवार के साथ गृह प्रवेश समारोह में पहुंचे। आदमपुर अनाज मंडी में करीब 25 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में मेहमानों के लिए पारंपरिक और कई तरह के व्यंजन तैयार किए गए। पहले चर्चा थी कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, लेकिन वे नहीं पहुंचे।

दुड़ाराम बोले- अब इलाके के लोगों की सेवा करेंगे कुलदीप

कुलदीप बिश्नोई के चचेरे भाई और फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम ने नए भवन को परिवार के पुराने जुड़ाव से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि कुलदीप ने चौधरी भजनलाल की दुकान को अब हवेली का रूप दे दिया है। उनके मुताबिक, नए आवास के बनने से कुलदीप बिश्नोई को क्षेत्र के लोगों के बीच रहने और उनकी समस्याएं सुनने का अवसर मिलेगा। पहले लोगों को अपने काम के लिए हिसार जाना पड़ता था, लेकिन अब आदमपुर में ही परिवार की मौजूदगी रहेगी।

खाने में देसी घी का हलवा, जलेबी और पांच तरह की रोटियां

गृह प्रवेश समारोह में मेहमानों के लिए बड़े स्तर पर भोजन की व्यवस्था की गई। फतेहाबाद से हलवाई बुलाए गए थे। खाने में चावल, रायता, पनीर बटर मसाला, आलू की सब्जी, सरसों का साग, दाल मखनी और कढ़ी परोसी गई। मिठाई में देसी घी का हलवा और जलेबी रखी गई। इसके अलावा मेहमानों के लिए पांच तरह की रोटियां भी बनाई गईं। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की व्यवस्था को देखते हुए अनाज मंडी में भोजन का इंतजाम किया गया था।

राजस्थानी हवेली की तर्ज पर बना साढ़े पांच मंजिला भवन

कुलदीप बिश्नोई का नया आवास राजस्थानी स्थापत्य शैली में तैयार किया गया है। साढ़े पांच मंजिला इस इमारत में पारंपरिक हवेली जैसा लुक देने के लिए नक्काशीदार खंभे और बालकनियां बनाई गई हैं। भवन के बाहरी हिस्से में धौलपुर का पत्थर लगाया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार पर पीतल के स्टड से सजे शीशम की लकड़ी के बड़े दरवाजे लगाए गए हैं। परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स भी बिछाई गई हैं।

12 कमरे, कार्यालय और आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद

नए भवन में कुल 12 कमरे बनाए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर पर कुलदीप बिश्नोई का कार्यालय तैयार किया गया है, जहां बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई है। भवन की अलग-अलग मंजिलों पर परिवार के सदस्यों के रहने की व्यवस्था की गई है। एक मंजिल पर भव्य बिश्नोई और दूसरी पर कुलदीप बिश्नोई का निवास रहेगा। सबसे ऊपरी मंजिल पर आधुनिक जिम बनाया गया है। प्रवेश करते ही बड़ा हॉल है, जिसमें थिएटर स्टाइल की कुर्सियां और सजावटी जाली का काम किया गया है। ऊपर की मंजिलों तक पहुंचने के लिए ऑटोमैटिक लिफ्ट के साथ सीढ़ियों की सुविधा भी दी गई है।