मोदी बोले- जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मोदी बोले- पत्रकारिता की तरह जिंदगी में भी डेडलाइन जरूरी, 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह पत्रकारिता में डेडलाइन जरूरी होती है, उसी तरह जिंदगी में भी समय सीमा तय करना जरूरी है। उन्होंने पत्रकारों के काम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भूकंप और बाढ़ जैसी आपदाओं में भी रिपोर्टर अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों तक खबर पहुंचाते हैं।
मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों को पहले मिली थी
मोदी ने गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि 2001 में वे 11 अशोका रोड स्थित अपने कमरे में थे, तभी कुछ पत्रकार पहुंचे और मिठाई खिलाने को कहा। जब उन्होंने वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। मोदी ने कहा कि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, जबकि मीडिया को पहले ही पता चल गया था।
फैक्स से मोबाइल तक बदली पत्रकारिता
प्रधानमंत्री ने मीडिया में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले खबरों की कवरेज के लिए ओबी वैन का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब मोबाइल ही ओबी वैन बन गया है। फैक्स से लेकर सोशल मीडिया रील्स तक पत्रकारिता का स्वरूप काफी बदल चुका है। उन्होंने आपदाओं के दौरान पत्रकारों के समर्पण और जोखिम उठाकर खबर पहुंचाने के प्रयासों की तारीफ की।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मोदी ने कहा कि भारत के सामने 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य है। इसके लिए देश को छोटे-छोटे पड़ाव तय करके लगातार काम करना होगा। उन्होंने मोबाइल निर्माण, यूपीआई, स्टार्टअप इकोसिस्टम और रेलवे के विद्युतीकरण जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। साथ ही कहा कि भारत की सफलता की कहानियों को दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है।
नशे और डीपफेक के खिलाफ जागरूकता पर जोर
प्रधानमंत्री ने मीडिया से युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता, डीपफेक, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव जैसे मुद्दों को भी मीडिया में प्रमुखता देने की बात कही।
news desk MPcg