कोटा में धनतेरस पर 1 हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी
धनतेरस पर कोटा में खरीदारी का बूम, 1 हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी
कोटा। धनतेरस के अवसर पर कोटा के बाजारों में सुबह से ही रौनक बनी हुई है। सर्राफा बाजार से लेकर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और बर्तन बाजार तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। दोपहर होते-होते बाजारों में खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली। अच्छी फसल पैदावार और सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट को इस बार बाजार में बढ़े उत्साह की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
इस धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने के साथ ही लोग नई गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और घरेलू उपयोग की चीजें भी खरीद रहे हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर में खास उत्साह दिखाई दे रहा है। शोरूम में नई गाड़ियों की डिलीवरी ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच दी जा रही है।
20 कैरेट हॉलमार्क ज्वेलरी की बढ़ी मांग
कोटा के सर्राफा बाजार में महिलाओं और युवतियों के बीच हल्के वजन की ज्वेलरी का चलन बढ़ा है। ज्वेलर्स के अनुसार, 20 कैरेट हॉलमार्क ज्वेलरी को लेकर ग्राहकों में अच्छी रुचि दिखाई दे रही है। कम वजन में मजबूत और आकर्षक डिजाइन मिलने के कारण लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
इस बार 8 से 15 ग्राम तक के नेकलेस, 1 से 2 ग्राम की अंगूठियां, इयररिंग्स, टॉप्स, पेंडेंट सेट और एंटिक डिजाइन की ज्वेलरी की मांग है। चांदी के बाजार में भी खरीदारी का माहौल है। 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाले चांदी के सिक्के, बार, बर्तन, मूर्तियां, पायल और बिछिया खरीदी जा रही हैं। युवाओं में चांदी और स्टर्लिंग सिल्वर के ब्रेसलेट, कड़े, चेन और अंगूठियों का भी क्रेज है।
व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी देवउठनी एकादशी और शादी-विवाह के सीजन के कारण आने वाले दिनों में भी सोने-चांदी की खरीदारी जारी रहेगी।
एक हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी का अनुमान
धनतेरस पर कोटा के ऑटोमोबाइल बाजार में भी जबरदस्त उत्साह है। इस बार करीब 800 चौपहिया वाहनों की प्री-बुकिंग हुई है। इसके अलावा लगभग 200 वाहनों की मौके पर बिक्री होने का अनुमान है। इस तरह शहर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी और बिक्री की संभावना है।
नई गाड़ी लेने वाले ग्राहक शोरूम में ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंच रहे हैं। कई जगह वाहन मालिकों को पूजा के बाद गाड़ियों की चाबी सौंपी जा रही है। त्योहार के मौके पर कंपनियों और डीलर्स की ओर से आकर्षक छूट भी दी जा रही है। चौपहिया वाहनों पर करीब 5 हजार से 1 लाख रुपए तक और दोपहिया वाहनों पर लगभग 5 हजार रुपए तक की छूट दी जा रही है।
इस बार इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को लेकर भी ग्राहकों में रुचि बढ़ी है। दोपहिया वाहनों की खरीदारी भी ऑटोमोबाइल बाजार में अच्छी संख्या में हो रही है।
टीवी, गीजर और हीटर की भी खरीदारी
कोटा के गुमानपुरा स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी धनतेरस की रौनक दिखाई दे रही है। ग्राहक बड़े स्क्रीन वाले स्मार्ट और एआई फीचर से लैस टीवी खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए गीजर और हीटर की मांग भी बढ़ रही है।
वहीं रामपुरा के ठठेरा बाजार में लोग परंपरा के अनुसार बर्तन खरीदने पहुंच रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक इस बार तांबे के बर्तनों की मांग अच्छी है। बर्तन बाजार के कुछ कारोबारियों का कहना है कि बिक्री पिछले साल के आसपास ही बनी हुई है।
कपड़ा बाजारों में भी उमड़ी भीड़
इंद्रा मार्केट, गुमानपुरा और भैरू गली सहित शहर के प्रमुख कपड़ा बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। महिलाएं डिजाइनर साड़ियां और त्योहार के कपड़े खरीद रही हैं, जबकि युवाओं में कुर्ता-पायजामा और पार्टी वियर परिधानों का आकर्षण है।
बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए दिवाली और शादी के सीजन को ध्यान में रखकर नए कलेक्शन बाजार में उपलब्ध हैं। कुल मिलाकर धनतेरस पर कोटा के बाजारों में खरीदारी का उत्साह दिखाई दे रहा है। व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली और आगामी विवाह सीजन के दौरान कारोबार में और तेजी आएगी।
news desk MPcg