पाकिस्तानी TV एंकर राबिया अहसान की गोली लगने से मौत, पति हिरासत में; पिस्टल से चली थी गोली
जानकारी के मुताबिक, राबिया अहसान रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में अपने परिवार के साथ रहती थीं। वह एक निजी टीवी चैनल में एंकर और प्रोग्राम होस्ट के रूप में काम करती थीं। रविवार को घर में गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो राबिया गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलीं। उनके गले के नीचे गोली लगी थी। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के समय घर में मौजूद थीं दोनों बेटियां
राबिया अहसान की 13 और 11 साल की दो बेटियां हैं। पुलिस अधिकारी हसन सुखेरा के मुताबिक, जिस समय घर के अंदर गोली चली, उस वक्त दोनों बेटियां अपनी नानी के साथ घर के लॉन में बैठी थीं। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग अंदर पहुंचे। राबिया की बहन जब बेडरूम में पहुंचीं तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं, जबकि उनके पति के हाथ में पिस्टल थी।
घटना के बाद घर में काम करने वाले एक कर्मचारी से भी पूछताछ की गई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के समय घर में मौजूद लोगों ने क्या देखा था।
हत्या का केस दर्ज, 30 बोर की पिस्टल बरामद
राबिया के भाई खुर्रम अहमद की शिकायत पर सदर बेरूनी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। FIR में पाकिस्तान दंड संहिता की धारा 302 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से 30 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पति ने पिस्टल से गलती से गोली चलने की बात कही है। वहीं, वह हथियार का वैध लाइसेंस या परमिट भी पेश नहीं कर सके। पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से गोली चलने की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रपति की बेटी आसिफा भुट्टो ने की निष्पक्ष जांच की मांग
राबिया अहसान की मौत पर पाकिस्तान की प्रथम महिला और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने दुख जताया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
आसिफा ने रावलपिंडी में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने अगस्त में इसी शहर में मृत मिलीं डिजिटल मीडिया अधिकारी हिना जावेद का मामला भी उठाया। हिना की मौत के मामले में भी जांच को लेकर सवाल बने हुए हैं।
कौन थीं राबिया अहसान?
राबिया अहसान पाकिस्तान के टेलीविजन पत्रकारिता जगत का जाना-पहचाना चेहरा थीं। वह एक निजी न्यूज चैनल 92 न्यूज से जुड़ी थीं और एंकर के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों की मेजबानी भी करती थीं। इससे पहले वह वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ करंट अफेयर्स का कार्यक्रम होस्ट कर चुकी थीं।
उनकी मौत से पाकिस्तान के पत्रकारिता जगत में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस की फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम के बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।
news desk MPcg