भोपाल-इंदौर मेट्रो में आज से स्मार्ट कार्ड सुविधा शुरू
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि NCMC कार्ड सिर्फ भोपाल और इंदौर तक सीमित नहीं रहेगा। जिन दूसरे शहरों में यह व्यवस्था लागू है, वहां भी यात्री इसी कार्ड का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े मेट्रो शहर शामिल हैं। यानी दूसरे शहरों की यात्रा के दौरान अलग-अलग मेट्रो के लिए नया कार्ड खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे नियमित यात्रियों के साथ दूसरे शहरों से आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
50 रुपए में मिलेगा स्मार्ट कार्ड
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, यात्री भोपाल और इंदौर मेट्रो के स्टेशनों पर मौजूद टिकट काउंटर से NCMC कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। कार्ड जारी करने का शुल्क 50 रुपए निर्धारित किया गया है, जो नॉन-रिफंडेबल होगा। कार्ड लेने के बाद यात्री अपनी जरूरत के अनुसार इसमें पैसे रिचार्ज करा सकेंगे। इसके बाद स्टेशन पर प्रवेश और निकास के दौरान कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भोपाल में यह सुविधा सुभाषनगर, केंद्रीय विद्यालय, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स स्टेशन पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इन स्टेशनों से नियमित सफर करने वाले यात्रियों को टिकट खरीदने की परेशानी से राहत मिलेगी।
मेट्रो किराए पर मिलेगी 25 प्रतिशत की छूट
NCMC कार्ड के इस्तेमाल पर यात्रियों को किराए में मिलने वाली छूट भी जारी रहेगी। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, सिंगल जर्नी यात्रा पर पहले से दी जा रही 25 प्रतिशत की छूट लागू रहेगी। हालांकि, यह छूट उन्हीं यात्राओं पर मिलेगी, जिनका निर्धारित किराया 20 रुपए से अधिक है। यह सुविधा भोपाल और इंदौर दोनों मेट्रो में लागू होगी।
इसके अलावा मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग टिकट श्रेणियों में भी छूट की व्यवस्था की है। इसमें सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। ग्रुप टिकट की सुविधा कम से कम दो यात्रियों के लिए उपलब्ध है।
QR टिकट के लिए मशीन और मोबाइल ऐप की सुविधा
मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) और MP Metro मोबाइल ऐप का विकल्प भी उपलब्ध है। टिकट वेंडिंग मशीन से यात्री खुद ही QR टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर Buy QR Ticket विकल्प चुनना होगा। इसके बाद यात्रा का गंतव्य स्टेशन चुनने पर किराया स्क्रीन पर दिखाई देगा।
यात्री UPI के माध्यम से QR कोड स्कैन करके भुगतान कर सकेंगे। भुगतान पूरा होते ही मशीन से QR टिकट मिल जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 सेकंड का समय लगता है। इससे टिकट काउंटर पर भीड़ कम करने और यात्रियों का समय बचाने में मदद मिलेगी।
31 दिसंबर तक मिलेगा प्रमोशनल छूट का लाभ
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक यात्रियों के लिए विशेष किराया छूट योजना भी लागू की है। इसके तहत अलग-अलग टिकट श्रेणियों और ई-वॉलेट रिचार्ज पर बोनस दिया जा रहा है।
ई-वॉलेट में रिचार्ज करने पर राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस मिल सकता है। वहीं रिटर्न जर्नी और ग्रुप टिकट पर भी अतिरिक्त छूट का लाभ दिया जा रहा है। हालांकि, 20 रुपए के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत प्रमोशनल छूट लागू नहीं होगी।
मेट्रो प्रबंधन का उद्देश्य डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना और यात्रियों को आसान सफर उपलब्ध कराना है। स्मार्ट कार्ड, QR टिकट और मोबाइल ऐप जैसी सुविधाओं से भोपाल और इंदौर में मेट्रो यात्रा पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
news desk MPcg