इंदौर के होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, 70 हजार किराया था बकाया

इंदौर के होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, 70 हजार किराया था बकाया
इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में 46 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भोपाल के लक्ष्मी नगर निवासी राजकुमार यादव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से इंदौर के त्रिवेणी होटल में एक महिला और उसकी 8 साल की बेटी के साथ रह रहा था। बुधवार देर रात होटल के पीछे स्थित एक प्लॉट में वह घायल अवस्था में मिला। होटल कर्मचारी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, राजकुमार की महिला मित्र सरवरी बेगम अपनी बेटी के साथ घटना से कुछ घंटे पहले ही होटल से कोलकाता के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि होटल में रहने का किराया 70 हजार रुपए से ज्यादा बकाया हो गया था। इसी बात को लेकर होटल संचालक ने महिला से बेटी को लेकर होटल छोड़ने के लिए कहा था। संचालक ने कहा था कि राजकुमार होटल में रुककर काम करेगा और बकाया किराया चुका देगा। इसके बाद सरवरी बुधवार शाम होटल से निकल गई। उसने राजकुमार से कहा था कि कोलकाता पहुंचने के बाद वह पैसे भेज देगी।

रात 2 बजे होटल के पीछे घायल मिला राजकुमार

लसूड़िया पुलिस के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे होटल कर्मचारी अर्जुन ने राजकुमार को होटल के पीछे स्थित प्लॉट में घायल अवस्था में पड़ा देखा। कर्मचारी ने बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मृतक के होटल में रहने, घटना से पहले की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

प्लॉट की बिक्री के पैसों का कर रहा था इंतजार

जांच में सामने आया है कि राजकुमार को एक प्लॉट की बिक्री से मिलने वाली रकम का इंतजार था। सरवरी बेगम के मुताबिक, भोपाल निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर यश श्रीवास्तव के माध्यम से एक प्लॉट का सौदा हुआ था। यश ने गुरुवार को भुगतान करने की बात कही थी। राजकुमार को उम्मीद थी कि रकम मिलने के बाद वह सबसे पहले होटल का बकाया किराया चुकाएगा और बची हुई राशि से अपना नया काम शुरू करेगा।

बताया जा रहा है कि जिस प्लॉट का सौदा हुआ था, वह राजकुमार के पिता का था। इस सौदे के भुगतान को लेकर राजकुमार लगातार तकादा कर रहा था। पुलिस इस लेनदेन से जुड़े तथ्यों और संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा सकती है।

नौकरी छोड़कर खुद का कारोबार शुरू करना चाहता था

राजकुमार ने कुछ समय पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद वह खुद का व्यवसाय शुरू करने की तैयारी कर रहा था। कारोबार शुरू करने के लिए उसे प्लॉट की बिक्री से मिलने वाली रकम की जरूरत थी। इसी वजह से वह भुगतान का इंतजार कर रहा था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आर्थिक परेशानी का उसकी मौत से कोई संबंध था या नहीं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

दिसंबर 2025 से महिला के साथ रह रहा था

सरवरी बेगम ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2007 में उसकी और राजकुमार की पहचान हुई थी। उसके माता-पिता की मौत के बाद दिसंबर 2025 से दोनों अलग-अलग होटलों और किराए के मकानों में रह रहे थे। सरवरी की यह दूसरी शादी थी। वहीं राजकुमार ने वर्ष 2010 में प्रीति यादव से परिवार की सहमति से शादी की थी।

कुछ समय तक राजकुमार ने दोनों परिवारों को भोपाल में साथ रखने की कोशिश की, लेकिन परिवार के विरोध के बाद वह सरवरी के साथ रहने लगा। पुलिस के मुताबिक, राजकुमार के माता-पिता और एक भाई भी हैं। उसका भाई पुलिस विभाग में नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी प्रीति अपने परिजनों के साथ रहती है।

पुलिस खंगाल रही मौत की वजह

फिलहाल पुलिस होटल कर्मचारियों, परिजनों और महिला से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। राजकुमार होटल के पीछे स्थित प्लॉट में किन परिस्थितियों में घायल अवस्था में पहुंचा, उसकी मौत कैसे हुई और घटना के समय वहां क्या हुआ था, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस होटल और आसपास के क्षेत्र से जुड़े साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।