ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आएंगे पाकिस्तानी मंत्री

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक अगले सप्ताह नई दिल्ली आ सकते हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने उन्हें 20 से 22 नवंबर 2026 तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद कार्यक्रम में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है। यह ऑपरेशन सिंदूर के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत की पहली यात्रा होगी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को जारी बयान में इसकी पुष्टि की। कार्यक्रम में SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यताओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक समझ और आपसी संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी भारत कर रहा है।

2023 में भारत आए थे बिलावल भुट्टो

इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने गोवा आए थे। उसके बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा नहीं हुई है। अब मुसादिक मसूद मलिक के प्रस्तावित दौरे को दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद तनावपूर्ण हैं रिश्ते

मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया था। ऐसे हालात में SCO जैसे बहुपक्षीय मंच पर पाकिस्तान के मंत्री की भागीदारी पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजर रहेगी।

हालांकि, यह यात्रा SCO के आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा है। इसे भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत या संबंधों में सुधार की शुरुआत मानना अभी जल्दबाजी होगी।