पन्नू की हत्या की साजिश में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की सजा
कोर्ट में निखिल गुप्ता ने मांगी माफी
सुनवाई के दौरान निखिल गुप्ता ने करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है और अब वह इसे बदल नहीं सकते। उन्होंने गुरपतवंत सिंह पन्नू, सिख समुदाय और इस मामले से जुड़े लोगों से माफी मांगी। अपनी बात रखते हुए उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का भी जिक्र किया। निखिल ने कहा कि वह अदालत की ओर से दी गई सजा स्वीकार करेंगे और जेल से बाहर आने के बाद बेहतर इंसान बनने की कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले के कारण उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पन्नू ने कहा- 1200 दिनों से सामान्य काम नहीं कर पाया
अदालत में गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अपना पक्ष रखा। उसने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखते हुए कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य रूप से वकालत का काम नहीं कर पाया है। हालांकि, सुनवाई के दौरान जज ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने के लिए कहा। इससे पहले न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर पन्नू के कई समर्थक जमा हुए थे। वे निखिल गुप्ता और मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले लेकर पहुंचे थे। पन्नू भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद रहा।
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जाने की प्रक्रिया
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। फैसले के मुताबिक, सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से निर्वासित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, निखिल के वकीलों ने फैसले पर निराशा जताई है। उनका कहना है कि उन्हें अदालत से इससे कम सजा मिलने की उम्मीद थी।
2023 में रची गई थी हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। अमेरिकी अभियोजन पक्ष का आरोप है कि इस साजिश में विकास यादव भी शामिल था। आरोपों के मुताबिक, विकास यादव के निर्देश पर निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, निखिल ने न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। इसके लिए 1 लाख डॉलर देने की बात हुई थी। आरोप है कि 9 जून 2023 के आसपास निखिल और विकास यादव ने अपने एक सहयोगी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे।
विकास यादव अब भी अमेरिकी एजेंसियों की पकड़ से बाहर
अमेरिका ने अक्टूबर 2024 में विकास यादव को इस मामले में आरोपी बनाया था। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसका वांटेड पोस्टर भी जारी किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके भारत में होने की आशंका जताई जाती रही है। दिसंबर 2023 में दिल्ली पुलिस ने उसे अपहरण और वसूली से जुड़े एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। अप्रैल 2024 में जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर है। भारत सरकार पहले स्पष्ट कर चुकी है कि विकास यादव अब सरकारी नौकरी में नहीं है।
निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से पहले अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में एक और दावा किया। उनके मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव और निखिल गुप्ता नेपाल या पाकिस्तान में एक अन्य व्यक्ति की हत्या की योजना बना रहे थे।
भारत सरकार ने साजिश में शामिल होने के आरोपों को नकारा
इस मामले से जुड़े घटनाक्रम के बीच गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और RAW के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा दायर किया है। पन्नू ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की साजिश में भारतीय अधिकारी शामिल थे। 13 नवंबर को न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत ने इस मुकदमे से जुड़े समन और अन्य दस्तावेज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत निर्देश दिए थे।
हालांकि, भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने के आरोपों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद मानता है। सरकार ने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को भी निराधार बताया है।
news desk MPcg