राजा वड़िंग के इंसाफ मार्च से बड़े नेता नदारद
राजा वड़िंग के इंसाफ मार्च से बड़े नेता नदारद
लुधियाना में पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को 'इंसाफ मार्च' की शुरुआत की। हालांकि, इस कार्यक्रम में पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई।
वरिष्ठ नेताओं की गैरमौजूदगी चर्चा में
इंसाफ मार्च के आगाज के दौरान न तो पंजाब कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह नजर आए और न ही पार्टी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट। मंच पर प्रदेश स्तर के किसी बड़े नेता की मौजूदगी नहीं दिखी। ऐसे में कांग्रेस के भीतर आपसी तालमेल और नेतृत्व के बीच संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
चन्नी की यात्रा में साथ दिखे थे नेता
इससे एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की 'जवानी संभाल यात्रा' के समापन कार्यक्रम में राजा वड़िंग शामिल हुए थे। खन्ना में आयोजित कार्यक्रम में सचिन पायलट और परगट सिंह भी मौजूद थे। तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी को पार्टी की एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा गया था।
पंजाब सरकार के खिलाफ अभियान
राजा वड़िंग ने इंसाफ मार्च के जरिए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार से नशे की समस्या, गैंगस्टरवाद, फिरौती और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर जवाब मांगा है। उनका कहना है कि सरकार ने बदलाव के नाम पर जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए।
विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगी यात्रा
राजा वड़िंग ने ऐलान किया है कि यह अभियान केवल लुधियाना तक सीमित नहीं रहेगा। शहर की सभी विधानसभा सीटों पर मार्च निकालने के बाद इसे जीरा, बठिंडा, मानसा और श्री मुक्तसर साहिब सहित पंजाब के अन्य इलाकों तक पहुंचाया जाएगा। यह अभियान आगामी विधानसभा चुनाव तक जारी रखने की योजना है।
इस घटनाक्रम ने पंजाब कांग्रेस में नेताओं के अलग-अलग राजनीतिक अभियानों और आपसी समन्वय को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर तेज कर दिया है। खास बात यह है कि चन्नी के कार्यक्रम में साथ नजर आए वरिष्ठ नेता राजा वड़िंग के अपने मार्च में शामिल नहीं हुए।
news desk MPcg