NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय

NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय

NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर आरोप तय, 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए हैं। इनमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताते हुए मुकदमे का सामना करने की बात कही है।

साजिश और धोखाधड़ी समेत कई आरोप

विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार समेत कई धाराओं में आरोप तय किए हैं। कोर्ट ने 18 नवंबर को दिए 206 पन्नों के आदेश में कहा था कि पहली नजर में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

तीन NTA एक्सपर्ट पर गोपनीय सवाल लीक करने का आरोप

आरोपियों में NTA से जुड़े बायोलॉजी एक्सपर्ट मनीषा गुरुनाथ मंधारे, केमिस्ट्री एक्सपर्ट पीवी कुलकर्णी और फिजिक्स एक्सपर्ट मनीषा संजय हवालदार शामिल हैं। आरोप है कि तीनों ने परीक्षा के गोपनीय सवाल अवैध तरीके से हासिल कर अन्य आरोपियों तक पहुंचाए।

एक आरोपी से दूसरे तक पहुंचा पेपर

अदालत के मुताबिक, परीक्षा की गोपनीय सामग्री तीनों एक्सपर्ट से शुरू होकर दूसरे आरोपियों तक क्रमवार पहुंची। आरोपियों को जानकारी थी कि यह सामग्री NTA से जुड़े किसी व्यक्ति के जरिए अवैध रूप से हासिल की गई है। कोर्ट ने इसे संगठित साजिश का हिस्सा माना है।

योग्य उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचने की आशंका

कोर्ट ने कहा कि पेपर लीक होने से योग्य उम्मीदवारों के चयन पर असर पड़ सकता था। गलत तरीके से परीक्षा सामग्री हासिल करने वाले उम्मीदवारों को अनुचित लाभ मिल सकता था, जबकि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ सकता था। अदालत ने गोपनीय सवालों को NTA की कॉपीराइट सामग्री मानते हुए कॉपीराइट एक्ट के तहत भी आरोप तय किए हैं।

25 नवंबर से रोजाना होगी सुनवाई

CBI ने इस मामले में पहले 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई। NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसमें करीब 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर 21 जून को दोबारा आयोजित की गई थी। अब मामले की नियमित सुनवाई 25 नवंबर से शुरू होगी।