अंतिम संस्कार के बाद काम पर लौटे योगी
मां के अंतिम संस्कार के बाद काम पर लौटे योगी, लखनऊ में PM मोदी से मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और मंच पर उनका हालचाल जाना। योगी शनिवार को ही हरिद्वार में अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के बाद लखनऊ पहुंचे थे।
मोदी ने 52 टॉपर्स को किया सम्मानित
समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर के 52 नेशनल टॉपर्स को सम्मानित किया। इनमें उत्तर प्रदेश के 6 टॉपर भी शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों के करीब 4,200 प्रशिक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। पहली बार राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया।
जयंत चौधरी ने की योगी की तारीफ
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कठिन समय में भी कार्यक्रम में शामिल होकर जनता के प्रति अपना समर्पण और कर्तव्यबोध दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर हाथ को काम और हर काम को सम्मान मिले।
योगी बोले- 17 लाख युवाओं को दी ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 7 लाख से ज्यादा युवाओं को प्लेसमेंट मिला। ग्रामीण कौशल योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 1.23 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला।
150 ITI में शुरू हुए आधुनिक कोर्स
योगी ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक ITI में ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3D प्रिंटिंग जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस सिलेक्शन के जरिए रोजगार मिला है।
राजनाथ सिंह बोले- समय के साथ खुद को अपडेट करें युवा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में ITI की संख्या करीब 9,800 से बढ़कर 14 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक और रोजगार की जरूरतों के अनुसार अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने की अपील की।
news desk MPcg