पुष्कर मेले में मैक्सिको के कपल ने 10 सेकंड में बांधा साफा
पुष्कर मेले में विदेशी कपल ने 10 सेकंड में बांधा साफा
राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में शनिवार को साफा बांधने और तिलक प्रतियोगिता में विदेशी पर्यटकों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मैक्सिको के कपल ने महज 10 सेकंड में साफा बांधकर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में इटली का कपल दूसरे और इंग्लैंड का कपल तीसरे स्थान पर रहा।
10 सेकंड में बांधा साफा
साफा बांधने और तिलक प्रतियोगिता में 10 से अधिक देशों के करीब 20 कपल शामिल हुए। मैक्सिको की बेट्टी और उनके साथी ने महज 10 सेकंड में साफा बांधकर पहला स्थान हासिल किया। बेट्टी ने बताया कि शुरुआत में वह घबराई हुई थीं, लेकिन प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उन्हें काफी मजा आया। उन्होंने भारतीय खाने और पानीपुरी की भी तारीफ की।
मूंछ प्रतियोगिता में जयपुर के कमलेश विजेता
पुष्कर मेला ग्राउंड में आयोजित मूंछ प्रतियोगिता में राजस्थान के अलग-अलग जिलों से करीब 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जयपुर के कमलेश गुर्जर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जोधपुर के प्रशांत वर्मा दूसरे और कोटा के धन्नालाल तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।
10 इंच की मूंछों से लिखा ब्रह्मा
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मूंछों के अलग-अलग अंदाज से दर्शकों को आकर्षित किया। एक प्रतिभागी ने करीब 10 इंच लंबी मूंछों से ब्रह्मा शब्द लिखकर अपनी कला दिखाई। प्रतियोगिता में पूर्व सैनिक, सरकारी शिक्षक, अधिवक्ता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
ढाई साल से तैयार कर रहे पारंपरिक लुक
जोधपुर के हिमांशु सिंह गुर्जर ने बताया कि उनका पारंपरिक राजस्थानी लुक तैयार करने में करीब ढाई साल लगे। सिर, गले, हाथ और पैरों के आभूषणों सहित पूरे श्रृंगार का वजन करीब डेढ़ किलो है। रोजाना तैयार होने में डेढ़ घंटे लगते हैं, जबकि मूंछों को संवारने में ही 30 मिनट का समय लगता है।
शाम को महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम
पुष्कर मेले में शाम को घाटों पर महाआरती होगी। रात में मेला ग्राउंड पर पद्मश्री अनवर खान, कालबेलिया नृत्यांगना गुलाबो और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत के जरिए राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
news desk MPcg