FBI का मोस्ट वॉन्टेड ड्रग माफिया मैक्सिको में गिरफ्तार
FBI का मोस्ट वॉन्टेड ड्रग माफिया गिरफ्तार, बेसबॉल मैच के दौरान सैन्य ऑपरेशन
अमेरिका की जांच एजेंसी FBI की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल ड्रग माफिया फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को मैक्सिको की सेना ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार रात गुआसावे में बेसबॉल मैच के दौरान उसे पकड़ने के लिए बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान हेलिकॉप्टर से फायरिंग भी की गई, जिससे स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई।
स्टेडियम में मची भगदड़
ऑपरेशन के दौरान गोलीबारी की आवाज सुनकर दर्शक स्टेडियम से बाहर भागने लगे। खिलाड़ियों को भी मैदान छोड़ना पड़ा। सुरक्षा बलों की कार्रवाई के बीच लोग रेलिंग और बैरियर पार कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए।
FBI ने रखा था 46 करोड़ का इनाम
फॉस्टो इसिद्रो मेजा फ्लोरेस को 'एल चापो इसिद्रो' के नाम से भी जाना जाता है। वह मेक्सिको के गुआसावे में सक्रिय मेजा-फ्लोरेस क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख बताया जाता है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 50 लाख डॉलर यानी करीब 46 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।
ड्रग तस्करी और हथियार रखने के आरोप
FBI के मुताबिक, मेजा फ्लोरेस पर अमेरिका में हेरोइन, मेथामफेटामाइन, कोकीन, फेंटानिल और गांजे की तस्करी तथा सप्लाई में शामिल होने के आरोप हैं। उसके खिलाफ 2019 में ड्रग तस्करी और हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले 2012 में भी उस पर ड्रग तस्करी के आरोप लगे थे।
मेक्सिको से अमेरिका तक फैला ड्रग कारोबार
मेक्सिको के सिनालोआ और जलिस्को न्यू जनरेशन जैसे ड्रग कार्टेल अमेरिका में नशीले पदार्थों की सप्लाई के बड़े नेटवर्क चलाते हैं। इनमें फेंटानिल की तस्करी अमेरिकी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। इन गिरोहों का प्रभाव कई इलाकों में इतना बढ़ चुका है कि वे पुलिस और प्रशासन के लिए भी चुनौती बनते हैं।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं बड़े ड्रग माफिया
मेक्सिको में इससे पहले भी कई बड़े ड्रग माफिया गिरफ्तार किए जा चुके हैं। राफेल कारो क्विंटेरो को जुलाई 2022 में और 'एल गातो' के नाम से मशहूर जोस रोडोल्फो विलारियल हर्नांडेज को जनवरी 2023 में गिरफ्तार किया गया था। दोनों FBI की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल रहे थे।
news desk MPcg