Sehore: भोपाल-इंदौर हाईवे पर शराब से भरा ट्रक पलटने के बाद आग का गोला बना, ड्राइवर की दर्दनाक मौत
सीहोर के कोठरी गांव के पास भोपाल-इंदौर हाईवे पर शराब से भरा ट्रक पलटने के बाद आग लग गई, जिसमें ड्राइवर जावेद अली की मौत हो गई। ट्रक में लदी लाखों की अंग्रेजीत शराब जलकर राख हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सीहोर जिले के ग्राम कोठरी के समीप भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। एक शराब से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में लदी लाखों रुपये की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब भी आग की भेंट चढ़ गई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कोठरी गांव के पास बस स्टैंड के सामने हुई। ट्रक (क्रमांक एमपी 28 एच 1489) बड़वाह से जबलपुर की ओर जा रहा था और इसमें एक नामी कंपनी की अंग्रेजी शराब लदी थी। अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसके तुरंत बाद उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया और शराब सहित पूरी तरह जलकर राख हो गया।
ड्राइवर की पहचान और मौत का कारण
मृतक ड्राइवर की पहचान जावेद अली, निवासी भोपाल (नवोदय कैंसर हॉस्पिटल के पास) के रूप में हुई है। आष्टा थाने के सब इंस्पेक्टर अविनाश भोपले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होने की आशंका है। हादसे के बाद ड्राइवर का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अमलाहा चौकी प्रभारी चिन्मय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग के कारण ट्रक में रखे दस्तावेज, शराब के बिल और अन्य कागजात पूरी तरह नष्ट हो गए। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि ट्रक शासकीय मदिरा लेकर बड़वाह से जबलपुर के शासकीय वेयरहाउस की ओर जा रहा था। ट्रक के मालिक का नाम विनय तिवारी, निवासी पिपरिया बताया गया है।
news desk MPcg