Gautam Gambhir को ISIS Kashmir से मिली धमकी, दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

पहलगाम आतंकी हमले के बीच पूर्व सांसद और वर्तमान में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को ईमेल पर जान से मारने की धमकी मिली है। पूर्व क्रिकेटर की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gautam Gambhir को ISIS Kashmir से मिली धमकी, दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

गंभीर को दो धमकी भरे ईमेल मिले  
रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल को गंभीर को दो धमकी भरे ईमेल मिले। एक ईमेल दोपहर में आया और दूसरा शाम को आया। दोनों में 'आई किल यू' संदेश लिखा था। यह पहली बार नहीं है जब गंभीर को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा है। नवंबर 2021 में सांसद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भी उन्हें इसी तरह का एक ईमेल मिला था।

गंभीर ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की थी
गंभीर ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की। पहलगाम में मंगलवार को बायसरन घाटी में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों पर की गई गोलीबारी में 26 नागरिकों की मौत हो गई थी, जिसमें दो विदेशी नागरिक भी हैं। यह 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद से सबसे भयानक घटनाओं में से एक बन गया। पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। गंभीर ने एक्स पर लिखा था, 'मृतकों के परिवारों के लिए प्रार्थना। इसके लिए जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। भारत स्ट्राइक करेगा।'

कई और क्रिकेटर्स ने भी आतंकी हमले की निंदा की 
गंभीर के अलावा कई और क्रिकेटरों ने भी पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की थी। इनमें सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने पाकिस्तान के साथ खेल संबंध पूरी तरह समाप्त करने की मांग की। वहीं, तेंदुलकर ने लिखा, 'पीड़ित परिवार अकल्पनीय कष्ट से गुजर रहे होंगे। भारत और दुनिया भर में लोग इस कठिन समय में उनके साथ हैं। हम इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हैं और न्याय की प्रार्थन करते हैं।'