“CBSE 12वीं रिजल्ट जारी: 85.20% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

“CBSE 12वीं रिजल्ट जारी: 85.20% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी

नई दिल्ली

CBSE ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल कुल 85.20% छात्र परीक्षा में सफल हुए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 3% कम है। बोर्ड के अनुसार, 94,028 छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 17,113 छात्रों ने 95% से ज्यादा स्कोर किया है।

इस बार लड़कियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86% रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 82.23% दर्ज किया गया। ट्रांसजेंडर छात्रों का रिजल्ट 100% रहा।

रीजन वाइज प्रदर्शन में तिरुवनंतपुरम सबसे आगे रहा, जहां 95.62% छात्र पास हुए। वहीं प्रयागराज 72.43% रिजल्ट के साथ सबसे नीचे रहा। कंपार्टमेंट मामलों में भी प्रयागराज सबसे ऊपर रहा। इस साल 1,63,800 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है।

CBSE ने साफ किया है कि इस बार भी कोई मेरिट लिस्ट या टॉपर घोषित नहीं किया जाएगा। हालांकि, प्रत्येक विषय में टॉप 0.1% छात्रों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

छात्र अपना रिजल्ट cbse.gov.in, DigiLocker और UMANG ऐप पर देख सकते हैं। इंटरनेट या सर्वर समस्या होने पर SMS के जरिए भी रिजल्ट चेक किया जा सकता है।

बोर्ड ने बताया कि इस बार पहली बार कॉपियों की जांच ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम से की गई। परीक्षा में शामिल होने वाले 17.68 लाख छात्रों में से 15.07 लाख छात्र सफल हुए हैं। वहीं, एक विषय में फेल छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए दूसरा मौका मिलेगा।