आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, 35 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट तूफान ने ली 3 की जान, प्री-मानसून देगा गर्मी से राहत
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। बुधवार से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने जा रही हैं, जिसके चलते कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 35 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, जबकि 17 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद और संभल में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में तेज धूप और उमस बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्री-मानसून की गतिविधियां और तेज होंगी तथा अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, 3 लोगों की मौत
मंगलवार को आए तेज आंधी-तूफान ने प्रदेश के कई जिलों में भारी नुकसान पहुंचाया। चित्रकूट में करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत तेज हवाओं में उड़ गई। वहीं इटावा में करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के दौरान उड़कर आए टिनशेड की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि पेड़ गिरने से एक बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया।
सीतापुर में लखनऊ बॉर्डर के पास हाईवे पर पेड़ गिरने से एक सफाईकर्मी की जान चली गई, जबकि फिरोजाबाद में निर्माणाधीन मकान का लोहे का गेट गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
11 जून से बढ़ेगी प्री-मानसून की रफ्तार
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम तेजी से बदल रहा है। कहीं लू चल रही है तो कहीं बारिश और आंधी देखने को मिल रही है। 11 जून से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ प्री-मानसून को मजबूती देगा। 15 और 16 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और अच्छी बारिश की संभावना है, जबकि 20 जून के आसपास मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम
11 जून: पूर्वी यूपी में बारिश, पश्चिमी यूपी में लू का असर।
12 जून: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार।
13 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश, तापमान 3-4 डिग्री तक गिर सकता है।
14 जून: कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं, गर्मी से राहत मिलेगी।
15 जून: प्रदेशभर में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश की संभावना।
वाराणसी में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परिसर में वॉटर कूलर, गीली जूट मैट, जर्मन हैंगर और अस्थायी चिकित्सा केंद्र की व्यवस्था की गई है ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।
झांसी और लखनऊ में गर्मी का असर बरकरार
झांसी में बुधवार सुबह ही तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं लखनऊ में देर रात हल्की बारिश के बावजूद सुबह तेज धूप निकल आई और दोपहर तक तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।
news desk MPcg