लखनऊ में बनेगा हाईटेक संस्कृति संग्रहालय, 3d तकनीक से दिखेंगे जन्म से मोक्ष तक के 16 संस्कार !
लखनऊ में बनेगा हाईटेक संस्कृति संग्रहालय, 3डी तकनीक से दिखेंगे जन्म से मोक्ष तक के 16 संस्कार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय संस्कृति और आध्यात्म को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत करने के लिए एक भव्य हाईटेक संस्कृति संग्रहालय बनाया जाएगा। बीकेटी स्थित चंद्रिकादेवी मंदिर के पास विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 23.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में 8 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस आधुनिक संग्रहालय में भारतीय जीवन दर्शन, लोक परंपराओं, जनजातीय विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राफिक डिस्प्ले, पैनोरमिक वीडियो वॉल और इंटरैक्टिव इंस्टॉलेशन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
संग्रहालय की सबसे बड़ी खासियत जन्म से मृत्यु तक के 16 संस्कारों का डिजिटल प्रदर्शन होगा, जिसमें गर्भाधान, नामकरण, अन्नप्राशन, उपनयन, विवाह, संन्यास और अंत्येष्टि जैसे संस्कार शामिल रहेंगे। इसके अलावा यहां प्रवेश प्लाजा, पुस्तकालय, कैफेटेरिया, ऑडिटोरियम, ओपन थिएटर, स्मारिका केंद्र, पार्किंग, आवास ब्लॉक और सौर ऊर्जा आधारित सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग का मानना है कि यह परियोजना लखनऊ को सांस्कृतिक पर्यटन का नया केंद्र बनाएगी और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारतीय परंपराओं और जीवन दर्शन से आधुनिक अंदाज में जोड़ने का अनूठा अवसर प्रदान करेगी।
news desk MPcg